
नई दिल्ली। मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक ईरान ने दो LPG टैंकरों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के रास्ते भारत जाने की अनुमति दे दी है। यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भारत समेत कई देशों में तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बहुत ज्यादा बढ़ गई थी।
सूत्रों और लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस के शिप-ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, सऊदी अरब का कार्गो लेकर चल रहा एक क्रूड ऑयल टैंकर भी जल्द भारत पहुंचने वाला है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह टैंकर 1 मार्च के आसपास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर चुका है और शनिवार तक भारत पहुंच सकता है। इस आवाजाही से भारत में ऊर्जा सप्लाई को लेकर बनी चिंता कुछ हद तक कम हो सकती है।
यह जानकारी उस समय सामने आई है जब भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने साफ संकेत दिया कि भारत को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ से सुरक्षित रास्ता मिल सकता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत को इस समुद्री मार्ग से सुरक्षित गुजरने की अनुमति दी जाएगी, तो उन्होंने कहा- हां, क्योंकि भारत हमारा दोस्त है। आप इसे दो या तीन घंटों के भीतर देख लेंगे। हमारा मानना है कि इस क्षेत्र में ईरान और भारत के हित एक जैसे हैं। उनके इस बयान को भारत और ईरान के बीच मजबूत रिश्तों का संकेत माना जा रहा है।
भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने भी भारतीय जहाजों को अनुमति देने के मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा कि इस विषय पर कुछ चर्चाएँ हुई हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि भारत को तेल, गैस और अन्य संसाधनों की आपूर्ति में फायदा होगा।
डॉ. इलाही ने वैश्विक नेताओं से भी युद्ध रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया के नेताओं को एक साथ आकर इस संघर्ष को खत्म करने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा, “दुनिया के नेताओं को अमेरिका जाकर राष्ट्रपति ट्रंप को समझाना चाहिए कि यह युद्ध आम नागरिकों के खिलाफ एक अन्यायपूर्ण युद्ध है और इसे रुकना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि जायोनी शासन पर भी युद्ध रोकने के लिए दबाव डाला जाना चाहिए।
अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने इस युद्ध की शुरुआत नहीं की है। हम अपनी जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए खून बहाने को तैयार हैं, लेकिन अपनी गरिमा बेचने को तैयार नहीं हैं।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक माना जाता है। इस संकरे समुद्री रास्ते से दुनिया के बड़े हिस्से में तेल और गैस की आपूर्ति होती है। यही कारण है कि इस मार्ग से जहाजों की आवाजाही में किसी भी तरह की रुकावट से भारत सहित कई ऊर्जा आयात करने वाले देशों में चिंता बढ़ जाती है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।