Jamshedpur Accident: झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत 4 की मौत, ट्रक में घुसी कार, देखें Video

Published : Sep 24, 2026, 01:19 PM IST
Jamshedpur Accident: झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत 4 की मौत, ट्रक में घुसी कार, देखें Video

सार

Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत 4 लोगों की जान चली गई। इनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक बिना किसी रिफ्लेक्टर के डिवाइडर के पास खड़ा था।

Deepika Pandey Singh Daughter: जमशेदपुर में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव रोड की है। पुलिस ने बताया कि चारों लोग एक कार में सवार थे, जो पीछे से एक खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई।

हादसे में तृषा सिंह समेत 4 की मौत

जान गंवाने वालों में मंत्री की बेटी तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये चारों स्टूडेंट थे और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार से कहीं जा रहे थे।

सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि कार में सवार चारों लोगों की इस एक्सीडेंट में मौत हो गई। वहीं, डीएसपी मनोज ठाकुर ने भी इस बात की पुष्टि की है कि सभी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।

टक्कर के बाद शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के अंदर ही फंस गए थे। पुलिस और रेस्क्यू टीम को कार काटकर शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया।

रात से ही खराब खड़ा था ट्रक

घटनास्थल की तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि फोर-लेन सड़क पर डिवाइडर के बिल्कुल पास ट्रक खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक खराब होने के बाद वहीं खड़ा कर दिया गया था और पीछे सिर्फ पेड़ की एक छोटी सी टहनी रख दी गई थी।

हालांकि, मौके की तस्वीरों में सड़क पर कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी का बोर्ड नहीं दिखा। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि बुधवार देर रात खराब होने के बाद ट्रक को मरीन ड्राइव पर ही छोड़ दिया गया था। पुलिस अब हादसे की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

सीएम हेमंत सोरेन और राज्यपाल ने जताया दुख

इस दर्दनाक घटना पर पूरे झारखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तृषा और अन्य तीन लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए अपने बच्चे को खोना एक असहनीय पीड़ा है।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी तृषा के निधन पर शोक व्यक्त किया और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह व अन्य पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

बीजेपी नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी तृषा सिंह के निधन को हृदयविदारक बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

इस भीषण हादसे ने एक बार फिर रात के समय व्यस्त सड़कों पर खराब होने वाले भारी वाहनों की सुरक्षा और विजिबिलिटी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Bihar Crime: जमुई-समस्तीपुर की घटनाओं पर भड़का विपक्ष, कहा- लौट आया 'जंगलराज'
Yamuna Expressway Bus Fire: इमरजेंसी एग्जिट बंद, लगेज में पेंट थिनर, स्लीपर बस कैसे बनी मौत का जाल?