
Jharkhand Exam Cancellation: झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच हेमंत सोरेन सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने देर रात आठ अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर कुल 44 परीक्षाओं को रद्द कर दिया। इनमें झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल के जरिए 2014 से आयोजित कराई गई परीक्षाएं भी शामिल हैं। लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन के बाद सरकार के इस फैसले को भर्ती प्रक्रिया में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
JPSC-JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया को लेकर छात्र लगातार विरोध कर रहे थे। छात्रों का आंदोलन करीब 23 दिनों तक चला। उनकी प्रमुख मांगों में विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना शामिल था। सरकार के फैसले के बाद कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं और उनके परिणामों पर असर पड़ा है।
रद्द की गई परीक्षाओं में ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिप्टी कलेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज, एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर जैसे महत्वपूर्ण पदों की भर्तियां शामिल हैं। इसके अलावा सरकारी पॉलीटेक्निक के व्याख्याता, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी और सहायक वन संरक्षक समेत कई प्रशासनिक और तकनीकी पदों की परीक्षाएं भी रद्द की गई हैं।
सरकार के फैसले में JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करना सबसे अहम माना जा रहा है। यह परीक्षा छात्रों के आंदोलन की प्रमुख मांगों में शामिल थी। इसके अलावा आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं और प्रकाशित किए गए सभी परिणामों को भी रद्द करने का फैसला लिया गया है।
अधिसूचनाओं में कहा गया है कि JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए सरकार झारखंड हाईकोर्ट से त्वरित न्यायालय गठित करने का अनुरोध करेगी। इसका उद्देश्य भर्ती से जुड़े मामलों का जल्द निपटारा करना है।
सरकार ने JPSC-JSSC में सुधारों के लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में एक समिति भी गठित की है। समिति को आयोग की कार्यप्रणाली और भर्ती प्रक्रिया में जरूरी सुधारों को लेकर अपनी रिपोर्ट दो महीने के भीतर सरकार को सौंपनी होगी। साथ ही दोनों आयोगों में आंतरिक सतर्कता प्रकोष्ठ बनाने का भी प्रावधान किया गया है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।