
Delivery Boy CCTV Video: कानपुर के जाजमऊ स्थित हिंदुस्तान कंपाउंड में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक डिलीवरी बॉय अपनी बाइक समेत सड़क पर खुले सीवर के गड्ढे में जा गिरा। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि उसे संभलने का मौका ही नहीं मिला। इस हादसे में युवक को काफी चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि उसने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट नहीं लगी और उसकी जान बच गई।
युवक के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद डिलीवरी बॉय को गड्ढे से बाहर निकाला और उसे पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसके घरवाले उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले गए।
स्थानीय निवासी शाहरुख, अब्दुल्ला और नवाजिश ने बताया कि करीब 15 दिन पहले सीवर लाइन टूटने से सड़क पर यह गड्ढा हो गया था। उनका कहना है कि नगर निगम के कर्मचारियों ने सीवर लाइन तो ठीक कर दी, लेकिन सड़क को वैसे ही खुला छोड़ दिया। लोगों के मुताबिक, यह गड्ढा करीब 11 मीटर लंबा और चार फीट गहरा है।
सड़क पर स्ट्रीट लाइट न होने की वजह से रात के वक्त यहां खतरा और भी बढ़ जाता है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों को यहां से गुजरने में काफी डर लगता है।
मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि मंगलवार देर रात डिलीवरी बॉय एक ऑर्डर देकर पुलिया की तरफ से लौट रहा था। सड़क पर अंधेरा होने की वजह से उसे सामने का बड़ा गड्ढा दिखाई नहीं दिया। बाइक की रफ्तार तेज थी और वह सीधे गड्ढे में जा गिरा। अगर वहां स्ट्रीट लाइट होती या गड्ढे के पास कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी का बोर्ड लगा होता, तो शायद यह हादसा नहीं होता।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डिलीवरी बॉय सड़क से गुजर रहा है और अचानक उसकी बाइक खुले गड्ढे में समा जाती है।
कानपुर : डिलीवरी बॉय बाइक से सामान लेकर जा रहा था, तभी सड़क के बीचों बीच बड़ा सा गड्ढा मिला और उसी में बाइक सहित गिर गया।
राहगीरों ने गड्ढे से निकालकर युवक को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया। जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड का मामला। pic.twitter.com/V55IjR4gWM— Ashish Paswan (@ashishpaswan0) September 16, 2026
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गड्ढे को तुरंत भरा जाए और इलाके में स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। लोगों का कहना है कि एक युवक के घायल होने के बावजूद यह खुला गड्ढा अभी भी हादसों को न्योता दे रहा है। उन्हें डर है कि अगर इसे जल्दी नहीं भरा गया, तो कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, इस मामले में पार्षद फक्र इकबाल का कहना है कि सीवर लाइन का काम नगर निगम ने किया था और वह पूरा हो चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही गड्ढे को भरकर सड़क को समतल कर दिया जाएगा। हालांकि, इस हादसे के बाद से लोगों में काफी गुस्सा है। उनका कहना है कि सीवर की मरम्मत के बाद सड़क को ठीक करना भी उतना ही जरूरी है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।