
Trump Immigration Policy Controversy: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की इमिग्रेशन नीतियों को लेकर विवाद के बीच न्यूयॉर्क से गोलीबारी की एक घटना सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 8 अक्टूबर को ब्रॉन्क्स के मार्बल हिल इलाके में अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ICE के एक एजेंट ने कार में बैठे 28 वर्षीय व्यक्ति पर गोली चला दी। उस समय कार की पिछली सीट पर 5 साल का बच्चा भी मौजूद था। राहत की बात यह रही कि बच्चा सुरक्षित रहा, जबकि व्यक्ति की गर्दन पर गोली की खरोंच आई।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे हुई। ICE एजेंट एक संदिग्ध को हिरासत में लेने पहुंचे थे। इसी दौरान गोलीबारी हुई, जिसकी आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पांच से छह गोलियां चलने की बात कही है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान दो एजेंट भी घायल हुए। इनमें से एक को कार दुर्घटना में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि उसके अधिकारी इस अभियान में शामिल नहीं थे। घटना को लेकर जांच जारी है।
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने कार्रवाई का बचाव करते हुए बताया कि गोलीबारी का निशाना डोमिनिकन रिपब्लिक का 28 वर्षीय नागरिक था। अधिकारियों ने उस पर ट्रिनिटारियोस गैंग से जुड़े होने का आरोप लगाया है।
ICE के अनुसार, इस व्यक्ति को साल 2023 में न्यूयॉर्क पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में उसे रिहा कर दिया गया। हालांकि, गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और एजेंट ने गोली क्यों चलाई, इन सवालों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने कार्रवाई को अस्वीकार्य बताया और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से शहर में ICE के अभियानों को रोकने की मांग की।
वहीं, सीनेटर चक शूमर ने होमलैंड सिक्योरिटी विभाग से बॉडीकैम फुटेज सार्वजनिक करने और मामले की स्वतंत्र जांच कराने की अपील की। न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल ने भी जांच में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
फिलहाल, गोलीबारी की जांच FBI और होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशन कर रहे हैं। जांच में यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि घटनास्थल पर क्या हुआ और बल प्रयोग किन परिस्थितियों में किया गया।
अमेरिका में इमिग्रेशन कार्रवाई को लेकर ICE पहले भी विवादों का सामना कर चुकी है। ICE की स्थापना 2003 में हुई थी। इसकी एनफोर्समेंट एंड रिमूवल ऑपरेशंस (ERO) शाखा इमिग्रेशन कानूनों के तहत हिरासत और निर्वासन से जुड़े मामलों में काम करती है।
इससे पहले 7 जनवरी 2026 को मिनियापोलिस में 37 वर्षीय रेनी गुड की गोली लगने से मौत हुई थी। वह तीन बच्चों की मां थीं और घटना के समय अपनी कार में थीं। ट्रंप प्रशासन ने दावा किया था कि उन्होंने एक एजेंट को कार से कुचलने की कोशिश की थी, जबकि उनके परिवार ने इस दावे पर आपत्ति जताई थी।
ब्रॉन्क्स की ताजा घटना ने एक बार फिर इमिग्रेशन कार्रवाई के दौरान बल प्रयोग, जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर बहस तेज कर दी है। मामले में जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही गोलीबारी की परिस्थितियों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।