
नई दिल्ली। पीएम मोदी के इजराइल दौरे का आज (26 फरवरी) दूसरा दिन है। गुरुवार को दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हुए। इनमें सबसे बड़ा फैसला यह है कि अब इजराइल में भी भारत का UPI पेमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। यह सहमति पीएम मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की द्विपक्षीय बैठक में बनी।
जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच डिजिटल पेमेंट सहयोग को नई दिशा दी गई है। इजराइल में UPI सिस्टम लागू होने से भारतीय पर्यटकों, व्यापारियों और निवेशकों को काफी सुविधा मिलेगी। मोदी ने इसे भारत की डिजिटल ताकत का वैश्विक विस्तार बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत जल्द ही इजराइल के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को अंतिम रूप देगा। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के व्यापार और निवेश को नई गति देगा। मोदी ने कहा कि इजराइल आना उनके लिए गर्व की बात है और दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के यूथ, रिसर्चर्स और इनोवेटर्स को जोड़ना बड़ी प्राथमिकता है। इसी दिशा में इंडिया-इजराइल अकादमिक फोरम की स्थापना की जा रही है, जिससे शिक्षा और रिसर्च में सहयोग बढ़ेगा। मोदी ने बताया कि क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने IMEC (इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर) और I2U2 (इंडिया-इजराइल-UAE-USA समूह) को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग मजबूत होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि इजराइल की उन्नत कृषि तकनीक भारत के गांवों तक पहुंचेगी, जिससे किसानों की इनकम और प्रोडक्शन दोनों बढ़ेगा। दोनों देश मिलकर भविष्य की खेती के लिए नए समाधान विकसित करेंगे। भारत में इंडिया-इजराइल इनोवेशन सेंटर फॉर एग्रीकल्चर की स्थापना से इस सहयोग को और मजबूती मिलेगी।
मोदी ने कहा कि आर्थिक सहयोग विकास और इनोवेशन का मजबूत आधार बन चुका है। पिछले साल दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय निवेश समझौता हुआ था। उन्होंने बताया कि जल्द ही FTA को अंतिम रूप दिया जाएगा। टेक्नोलॉजी साझेदारी के तहत एआई, क्वांटम टेक्नोलॉजी और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा।
दूसरे दिन सुबह पीएम मोदी यरूशलम स्थित होलोकॉस्ट मेमोरियल याद वाशेम पहुंचे। यहां उन्होंने नाजी शासन के दौरान मारे गए 60 लाख यहूदियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पीएम मोदी ने इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रही है। पीएम मोदी ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण भी दिया।
पीएम मोदी दो दिन के दौरे पर बुधवार को इजराइल पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मोदी ने इजरायली संसद नेसेट को संबोधित किया। उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ प्रदान किया गया। वे नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।