
UP Free Bus Travel: रक्षाबंधन पर अगर आप भी भाई को राखी बांधने के लिए मायके जाने की तैयारी कर रही हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। राखी पर आपको सफर के लिए बस किराये की कोई टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी बसों में महिलाओं का सफर तीन दिन के लिए एकदम फ्री कर दिया है। सबसे बड़ी और अच्छी बात ये है कि इस बार आप अकेली नहीं, बल्कि अपने साथ एक और व्यक्ति को भी बिल्कुल फ्री में सफर करा सकती हैं। यानी आपके साथ अगर कोई एक और इंसान जाता है, तो उसका भी बस टिकट नहीं लगेगा।
पहले यह सुविधा सिर्फ दो दिन के लिए लागू होनी थी, लेकिन रविवार को हुई एक मीटिंग के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसे बढ़ाकर तीन दिन कर दिया है। 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक महिला यात्री उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। इस दौरान महिला यात्री को किराया नहीं देना होगा। साथ ही उसके साथ सफर कर रहा एक सहयोगी भी मुफ्त सफर कर सकेगा।
त्योहारों पर अक्सर महिलाएं अपने भाई, पति या बच्चों के साथ सफर करती हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह नया और बड़ा फैसला लिया है। रक्षाबंधन पर सफर करने वाली महिला के साथ जाने वाले किसी भी एक साथी का टिकट भी फ्री रहेगा। अगर महिला के साथ एक से ज्यादा लोग सफर कर रहे हैं, तो सिर्फ महिला और उनके एक साथी का ही किराया माफ होगा। बाकी बचे हुए लोगों को अपना पूरा टिकट खरीदना होगा।
यह छूट सिर्फ लंबे सफर वाली रोडवेज बसों तक सीमित नहीं है। सीएम योगी ने आदेश दिया है कि शहरों के अंदर चलने वाली 900 से ज्यादा सिटी बसों में भी बहनों को यह फ्री सुविधा मिलेगी। यानी अगर आप अपने शहर में ही एक मोहल्ले से दूसरे मोहल्ले में राखी बांधने जा रही हैं, तो वहां भी आपका किराया नहीं लगेगा।
त्योहार पर महिलाओं की भीड़ और उनकी सेफ्टी को देखते हुए सीएम योगी ने अपने आवास पर पुलिस और ट्रांसपोर्ट विभाग के बड़े अधिकारियों की मीटिंग ली। इसमें सख्त निर्देश दिए गए हैं कि घर लौट रही महिलाओं को सफर में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। प्राइवेट बसों, ऑटो और टैक्सी चालकों की भी जांच की जाए ताकि वे मनमानी न कर सकें। अयोध्या, मथुरा, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे बड़े शहरों में त्योहार के दौरान ट्रैफिक का खास और सुरक्षित इंतजाम रहे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।