
नई दिल्ली। ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि ऐसा मंत्र है जो हर भारतीय के मन में स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वतंत्रता की भावना जागृत करता है। ‘वंदे मातरम’ गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर इसी भावना को केंद्र में रखकर 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में गुजरात की झांकी प्रस्तुत की गई है।
गुजरात की झांकी की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ शब्द की पृष्ठभूमि से होती है और यहीं से भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के निर्माण की पूरी ऐतिहासिक यात्रा दिखाई गई है। झांकी में यह दर्शाया गया है कि समय के साथ ध्वज का स्वरूप कैसे बदला और स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी क्या भूमिका रही।
इस झांकी में गुजरात के नवसारी में जन्मी वीरांगना मैडम भीकाजी कामा को विशेष रूप से दर्शाया गया है। उन्होंने क्रांतिवीर श्यामजी कृष्ण वर्मा और सरदार सिंह राणा के साथ मिलकर विदेश में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की लौ जलाई।
मैडम कामा द्वारा डिजाइन किया गया वह ध्वज, जिस पर ‘वंदे मातरम’ लिखा था, पहली बार 1907 में पेरिस में फहराया गया था। यह ध्वज बाद में जर्मनी के स्टटगार्ट और बर्लिन में आयोजित ‘इंडियन सोशलिस्ट कॉन्फ्रेंस’ में भी लहराया गया।
झांकी में मैडम भीकाजी कामा की ध्वज लहराती अर्ध-प्रतिमा को दर्शाया गया है। प्रतिमा के नीचे संविधान में सूचीबद्ध सभी भारतीय भाषाओं में ‘वंदे मातरम’ लिखा गया है, जो राष्ट्रीय एकता और विविधता का प्रतीक है।
झांकी के मध्य भाग में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज की विकास यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
इस यात्रा के साथ भारत के प्रमुख स्वतंत्रता आंदोलनों को भी झांकी में दर्शाया गया है।
झांकी के अंतिम हिस्से में महात्मा गांधी को चरखे के माध्यम से स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वतंत्रता का संदेश देते हुए दिखाया गया है। उनके साथ एक विशाल धर्म चक्र भी दर्शाया गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज इन्हीं मूल्यों को ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।
गुजराती साहित्य के प्रसिद्ध रचनाकार और ‘राष्ट्रीय शायर’ कहे जाने वाले झवेरचंद मेघाणी द्वारा रचित गीत ‘कसुंबी नो रंग’ की लय पर कलाकारों की प्रस्तुति झांकी को जीवंत और प्रभावशाली बनाती है।
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में 17 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के 13 मंत्रालयों की कुल 30 झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा उपस्थित रहेंगे।
गुजरात सरकार के सूचना विभाग द्वारा प्रस्तुत इस झांकी के निर्माण में सूचना एवं प्रसारण सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, सूचना आयुक्त श्री किशोर बचाणी और अपर निदेशक श्री अरविंद पटेल के मार्गदर्शन में संयुक्त सूचना निदेशक डॉ. संजय कचोट तथा उप सूचना निदेशक सुश्री भावना वसावा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।