Drishyam Inspired Murder : 2 अक्टूबर को रिलीज हुई ‘दृश्यम’ फिल्म इस वक्त चर्चा में बनी हुई है। लेकिन बिहार के समस्तीपुर में एक बेटे ने इस फिल्म को देखकर अपने पिता की हत्या कर दी। आरोपी इस मर्डर को अंजाम देने के लिए 2000 किलोमीटर दूर से आया। लोग बोले-यह घटना अजय देवगन की मूवी से भी ज्यादा डरावनी है।
बिहार के समस्तीपुर में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शिव शंकर साहनी ने फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रभावित होकर हत्या की योजना बनाई थी। उसने पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल बंद रखा, लेकिन एक छोटी सी गलती ने उसका पूरा प्लान फेल कर दिया।
जमीन बेचने को लेकर पिता से था विवाद
यह मामला समस्तीपुर के हलई थाना क्षेत्र के दरबा पंचायत के अकौना गांव का है। 26 जुलाई की रात रघुवीर सहनी की घर के बाहर सोते समय कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
जांच में पुलिस को पता चला कि रघुवीर सहनी का अपने बेटे शिव शंकर से जमीन बेचने को लेकर विवाद था। शिव शंकर सूरत में रहकर काम करता था और इसी विवाद के बाद वह अपनी पत्नी के साथ वहां रहने लगा था।
‘दृश्यम’ देखकर बनाई हत्या की योजना
पुलिस के अनुसार, शिव शंकर ने पूछताछ में बताया कि सूरत में रहते हुए उसने फिल्म ‘दृश्यम’ देखी थी। फिल्म से प्रभावित होकर उसने पिता की हत्या की योजना बनाई। इसके बाद वह सूरत से समस्तीपुर के लिए रवाना हुआ।
पुलिस का कहना है कि यात्रा के दौरान उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। वह पहले पटना पहुंचा और फिर हाजीपुर से ट्रेन पकड़कर पटोरी स्टेशन आया।
पीछे के दरवाजे से घर में घुसा
पटोरी स्टेशन से आरोपी ऑटो से जोरपुरा पहुंचा और वहां से करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर रात करीब 12 बजे अपने घर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, वह पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुआ।
इसके बाद उसने कोठरी से कुल्हाड़ी निकाली और घर के बाहर सो रहे पिता पर हमला कर दिया। सिर पर कई वार किए जाने से रघुवीर सहनी की मौत हो गई।
एक कॉल ने खोल दिया पूरा राज
हत्या के बाद शिव शंकर रात में ही वापस पटोरी स्टेशन के लिए निकल गया। उसने पुलिस को चकमा देने के लिए मोबाइल बंद रखा था, लेकिन पटोरी स्टेशन पहुंचते ही उसने मोबाइल ऑन किया और पत्नी से फोन पर बात की। इसके बाद उसने फोन फिर बंद कर दिया।
तकनीकी जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगालने पर पुलिस को हत्या वाली रात शिव शंकर की लोकेशन पटोरी स्टेशन के आसपास मिली। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आखिरकार उसे गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।