
दिल्ली की राजनीति में मंगलवार को एक बार फिर बड़ा भूचाल आया। दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े कथित टेंडर घोटाले में एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला सिर्फ टेंडर की शर्तों में कथित हेरफेर तक सीमित नहीं है, बल्कि जांच एजेंसी ने करीब 1.52 करोड़ रुपये के कथित लेन-देन का भी दावा किया है।
ACB के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के अपग्रेड और क्षमता बढ़ाने से जुड़े टेंडर की जांच के आधार पर की गई है। हालांकि, ये सभी आरोप जांच एजेंसी के दावे हैं और अदालत में इनकी न्यायिक जांच अभी बाकी है।
ACB ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें पूर्व दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO और IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय, पूर्व कॉन्ट्रैक्चुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, AN Enterprises के मालिक नागेंद्र यादव, Euroteck Environment Pvt. Ltd. के मालिक राजा कुमार कुर्रा और Srijanhar के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं।
जांच एजेंसी का आरोप है कि STP से जुड़े टेंडर की शर्तों को कथित तौर पर इस तरह तैयार और संशोधित किया गया, जिससे किसी खास तकनीक और कंपनी को फायदा मिल सके। इससे दूसरी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा का दायरा सीमित होने का दावा किया गया है।
यह भी पढ़ें: ये हैं वो 3 शातिर महिलाएं जो गोरखपुर में कर रही थीं ‘फिल्मी चोरी’! ऐसे उड़ा लेती थीं चेन
ACB की जांच में पैसे के लेन-देन को अहम कड़ी माना जा रहा है। एजेंसी के मुताबिक, कथित रिश्वत और कमीशन की रकम के ट्रांसफर के लिए AN Enterprises और Srijanhar जैसी कंपनियों का इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि तकनीक उपलब्ध कराने वाली कंपनी से जुड़े लोगों की ओर से AN Enterprises में रकम भेजी गई।
इसके बाद पूर्व DJB CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में कथित तौर पर करीब 1.52 करोड़ रुपये पहुंचे। ACB का आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल बाद में अचल संपत्ति खरीदने में किया गया। अब जांच एजेंसी कथित मनी ट्रेल, रकम के स्रोत और इससे जुड़े दूसरे लेन-देन की पड़ताल कर रही है।
ACB के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान टेंडर की शर्तों, corrigendum और बैठकों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई। एजेंसी का दावा है कि निजी कंपनियों और सरकारी अधिकारियों के बीच इन मुद्दों को लेकर लगातार संपर्क था। जांच में कथित तौर पर यह भी सामने आया कि प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं कराई गई और तकनीक तथा इस्तेमाल होने वाले मीडिया को लेकर ऐसी शर्तें जोड़ी गईं, जिनसे एक विशेष कंपनी को फायदा पहुंच सकता था। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में होने वाली न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में गिरफ्तारी को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए कहा कि पिछला मामला भी फर्जी था और यह मामला भी फर्जी साबित होगा। उन्होंने सरकार पर विपक्षी नेताओं को झूठे आरोपों में जेल भेजने का आरोप लगाया।
वहीं, AAP सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के नेताओं को चुनाव से पहले निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को पंजाब चुनाव से जोड़ते हुए बीजेपी पर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया। दूसरी ओर, ACB का कहना है कि गिरफ्तारी जांच के दौरान सामने आए सबूतों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और कथित टेंडर अनियमितताओं के साथ-साथ पैसों के पूरे लेन-देन की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: पाइपलाइन में हाई प्रेशर डाला और धंस गई 40 करोड़ की सड़क! इंदौर का VIDEO वायरल
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।