Marwadi Business Family: अमीर मारवाड़ी परिवारों का कौन सा 'डार्क सीक्रेट' आया सामने? प्रेम सोनी की पोस्ट वायरल

Published : Nov 20, 2026, 12:45 PM IST
Marwadi family

सार

Marwari Family Dark Secret: मारवाड़ी बिजनेस परिवारों की सफलता के पीछे एक गहरा राज छिपा है। आंत्रप्रेन्योर प्रेम सोनी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि कैसे इन परिवारों की पिछली पीढ़ी की कड़ी मेहनत और त्याग ने आज की पीढ़ियों का जीवन आसान बनाया है।

Marwari Business Families: आंत्रप्रेन्योर प्रेम सोनी ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि पीढ़ियों से चली आ रही परिवारों की संपत्ति और सफलता के पीछे बड़े त्याग और कड़ी मेहनत का इतिहास है। उनका मानना है कि अमीर मारवाड़ी बिजनेस परिवारों की आर्थिक प्रगति के पीछे, कम से कम एक पीढ़ी ने अपनी निजी जिंदगी और आराम की बलि दी है और दिन-रात एक करके काम किया है। उनकी यह बातें—खासकर पीढ़ियों की संपत्ति, मेहनत और वर्क-लाइफ बैलेंस पर—सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं और बहस का मुद्दा बन गई हैं।

परिवार के लिए किया गया त्याग

प्रेम सोनी ने एक्स पर यह बताते हुए अपनी राय रखी कि वह खुद भी एक मारवाड़ी हैं। उनका दावा है कि हर अमीर मारवाड़ी परिवार के इतिहास में एक 'डार्क सीक्रेट' (गहरा राज) छिपा है। उन्होंने लिखा कि परिवार के किसी एक इंसान ने अपने वर्क-लाइफ बैलेंस को पूरी तरह खत्म कर दिया, ताकि आने वाली तीन पीढ़ियां आर्थिक रूप से आजाद और सुकून की जिंदगी जी सकें।

सोनी ने मशहूर मारवाड़ी बिजनेस घरानों का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी संपत्ति की नींव अक्सर उनके पिता या दादा ने रखी थी। उन्होंने कहा कि आज किसी भी 50 करोड़ रुपये के मारवाड़ी बिजनेस घराने को देखिए, और 30 साल पीछे जाकर उनकी कहानी जानिए। आपको एक ऐसा पिता या दादा मिलेगा, जो धूल भरे गोदाम में गद्दे पर सोता था, दिन में 16 घंटे काम करता था, मेज पर बैठे-बैठे ठंडी रोटी खाता था, जिसने वीकेंड पर कभी छुट्टी नहीं ली, और जिसे 25 सालों तक यह पता ही नहीं था कि छुट्टी क्या होती है। प्रेम सोनी के मुताबिक, उस इंसान ने बहुत दर्द सहा, पैसे जोड़े और परिवार को आर्थिक आजादी दिलाई। उसने कभी थकान या बर्नआउट की शिकायत नहीं की। सोनी ने लिखा कि उसने दो दशकों तक खून-पसीना इसलिए बहाया, ताकि आज उसके 23 साल के पोते को कभी नौकरी के लिए रिज्यूमे न बनाना पड़े।

सिर्फ अपना आराम देखने वाली मिडिल क्लास

सोनी ने भारतीय मिडिल क्लास के रवैये की भी कड़ी आलोचना की, जो आर्थिक सुरक्षा और फिक्स वर्किंग आवर्स को तरजीह देते हैं। उन्होंने उन युवाओं पर निशाना साधा, जिनके पास कोई पुश्तैनी संपत्ति या बैकअप नहीं है, फिर भी वे शानदार वर्क-लाइफ बैलेंस की उम्मीद करते हैं। सोनी का तर्क है कि अगर हर पीढ़ी संपत्ति बनाने के बजाय सिर्फ अपने सुख-सुविधाओं को प्राथमिकता देगी, तो उनके बच्चों को भी वैसी ही आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने अपनी बात समझाते हुए कहा कि कई दादाओं ने रिस्क लेने से परहेज किया, पिताओं ने सुबह 9 से शाम 5 बजे तक की आरामदायक नौकरी की, रविवार को छुट्टियां मनाईं और अपनी बचत को 7 प्रतिशत एफडी में डाल दिया। किसी ने रिस्क नहीं लिया और किसी ने भी एक मजबूत संपत्ति का आधार तैयार नहीं किया। आज के 24 साल के युवा, जिनके पास परिवार की कोई संपत्ति नहीं है, वे 50,000 रुपये की सैलरी पर हफ्ते में पांच दिन का काम, आठ घंटे की नींद, मेंटल हेल्थ डेज और यूरोपियन स्टाइल का वर्क-लाइफ बैलेंस चाहते हैं।

उनका मुख्य तर्क यही था कि किसी एक पीढ़ी को तो कीमत चुकानी ही पड़ेगी। अगर आपके दादा ने बिजनेस खड़ा करने के लिए संघर्ष नहीं किया, पिता ने तकलीफ नहीं सही, और आज की पीढ़ी 14 घंटे काम करने को टॉक्सिक हसल कल्चर कहकर मना कर दे, तो आने वाली पीढ़ी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

सोशल मीडिया पर मिला-जुला रिएक्शन

सोनी के इस नजरिए पर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोग इस बात से सहमत हैं कि पीढ़ियों की संपत्ति खड़ी करने में पिछली पीढ़ियों के त्याग और उनके वित्तीय फैसले बहुत अहम होते हैं। वहीं, कुछ लोगों ने सोनी की बातों का कड़ा विरोध भी किया। कई यूजर्स का कहना था कि अपने खुद के बिजनेस के लिए दिन-रात एक करना और किसी दूसरे की कंपनी में सिर्फ सैलरी के लिए काम करने में जमीन-आसमान का फर्क होता है।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

PNB Jobs: PNB में नौकरी का बड़ा मौका! 8,254 पदों पर भर्ती को मिली मंजूरी, जानें कितने पदों पर होगी सीधी नियुक्ति
UKRAINE WAR UPDATE: यूक्रेन से जंग खत्म करना चाहता है रूस लेकिन...पुतिन ने रख दी बड़ी शर्त!