Karwa Chauth Crime: करवाचौथ पर जहां सुहाग की लंबी उम्र के लिए महिलाएं व्रत रखती हैं, वहीं यूपी के शाहजहांपुर में इस त्योहार से एक दिन पहले खौफनाक वारदात हुई। आरोप है कि पति ने तीन बच्चों के सामने पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी और बड़े बेटे को लेकर फरार हो गया।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में करवाचौथ से एक दिन पहले दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अल्हागंज थाना क्षेत्र के चौरसिया गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। आरोप है कि उसने अपने तीन छोटे बच्चों के सामने पत्नी पर कई वार किए। इसके बाद वह अपने छह साल के बड़े बेटे को लेकर फरार हो गया। घटना के बाद घर में मौजूद दोनों छोटे बच्चे मां के शव के पास रोते रहे।
नौकरी को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद
मृतका की पहचान सुशीला (30) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब आठ साल पहले अवनीश (35) से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। परिवार के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब दो बजे पति-पत्नी के बीच नौकरी के लिए दूसरे शहर जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अवनीश काम के लिए लुधियाना जाना चाहता था, जबकि सुशीला दिल्ली जाने की जिद कर रही थी। सुशीला का कहना था कि दिल्ली में उसके परिवार के लोग रहते हैं। वहां रहने पर जरूरत पड़ने पर उन्हें मदद मिल सकती थी।
इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि गुस्से में अवनीश ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सुशीला पर गर्दन व सीने के पास कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बड़े बेटे को साथ लेकर घर से निकल गया।
दो छोटे बच्चे मां के पास रोते रहे
घटना के समय घर में मौजूद दोनों छोटे बच्चे मां के पास रोते रहे। परिवार और गांव के लोगों को जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश की जा रही है।
मायके वालों ने पहले भी मारपीट का लगाया आरोप
सुशीला की भाभी शालू के मुताबिक, अवनीश पहले भी सुशीला के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से सुशीला करीब दो महीने तक मायके में रही थी। शालू ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले अवनीश उसे वापस लेने आया था। दोनों परिवारों के बीच समझौते के बाद सुशीला ससुराल लौट गई थी।
परिजनों का दावा है कि सुशीला को डर था कि अगर उसे दोबारा ससुराल भेजा गया तो उसका पति उसे मार देगा। अब करवाचौथ से ठीक पहले हुई इस घटना ने परिवार और गांव के लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।