
अमेरिका और इजरायल की ईरान के खिलाफ छेड़ी गई जंग 32वें दिन में पहुंच गई है। इस जंग को लेकर अमेरिका को अपने ही सहयोगी देशों से झटके मिल रहे हैं। हाल ही में श्रीलंका ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों को अपने यहां लैंडिंग की इजाजत देने से इनकार कर दिया था। अब इसी लिस्ट में स्पेन का नाम भी जुड़ गया है। स्पेन ने ईरान के खिलाफ जंग में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी है।
अपने इस कदम पर साथ न देने वाले NATO देशों पर डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए हैं। ट्रंप पहले भी कह चुके हैं कि 'अमेरिका के बिना NATO जीरो है' और अब ईरान जंग में साथ न मिलने से वह NATO देशों से बेहद नाराज हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री (सेक्रेटरी ऑफ स्टेट) मार्को रुबियो ने भी NATO देशों पर गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'NATO के सहयोगी देशों ने इस नाजुक मौके पर अमेरिका को बीच मझधार में छोड़ दिया है।' उनका यह बयान डोनाल्ड ट्रंप के रुख से मिलता-जुलता है। रुबियो ने यह बात तब कही जब स्पेन ने ईरान के साथ संघर्ष में शामिल अमेरिकी विमानों को अपना हवाई क्षेत्र इस्तेमाल करने से मना कर दिया। जंग के दौरान सदस्य देशों से पूरा समर्थन न मिलने पर रुबियो ने निराशा जताई।
उधर, डोनाल्ड ट्रंप अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर जंग से जुड़े अपडेट और बयान पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने अब ईरान पर हुए एक मिलिट्री हमले का वीडियो शेयर किया है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि यह हमला कहां हुआ है। गौरतलब है कि अमेरिका में ही ट्रंप की इस जंग का भारी विरोध हो रहा है। अमेरिका के कई हिस्सों और यूरोप के कई देशों में लोग 'नो किंग' (No King) के बोर्ड लेकर जंग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। अमेरिका के 50 राज्यों में 3,100 से ज्यादा रैलियां हो चुकी हैं, जिनमें लाखों लोग शामिल हुए हैं।
इस बीच, ईरान-अमेरिका जंग की वजह से 18 भारतीय जहाज फारस की खाड़ी में फंस गए हैं। इन जहाजों पर 485 भारतीय क्रू मेंबर सवार हैं। जलमार्ग मंत्रालय ने बताया है कि सभी लोग सुरक्षित हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। सोमवार को ईरान में हुए एक अमेरिकी हमले में महान एयरलाइंस (Mahan Airlines) का एक विमान क्षतिग्रस्त हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान मशहद एयरपोर्ट पर खड़ा था और भारत से दवाएं व अन्य जरूरी राहत सामग्री लाने के लिए नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था। हालांकि, अमेरिका की तरफ से इस हमले की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।