
Who is Sukhbir Singh Badal: महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर लीडर और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुद्वारे में हमला किया गया। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह घटना नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके के एक गुरुद्वारे में हुई। जानकारी के अनुसार, एक निहंग ने धारदार हथियार, जिसे कृपाण बताया जा रहा है से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया। इस हमले में उनके दाहिने हाथ में चोट आई। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी यशोसाई अस्पताल ले जाया गया।
हमले के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हमले की वजह का पता लगाया जा सके। घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा भी और कड़ी कर दी गई है।
नांदेड़ के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल निजी यात्रा पर गुरुद्वारे आए थे। उनके कार्यक्रम के अनुसार उन्हें पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक गुरुद्वारा परिसर में घुसा और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में सुखबीर सिंह बादल को हल्की चोटें आई हैं। वहीं, उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे एक पुलिस इंस्पेक्टर को भी मामूली चोट लगी है।
हमले के बाद जब सुखबीर सिंह बादल अस्पताल पहुंचे तो उसका एक वीडियो भी सामने आया। वीडियो में वह सुरक्षाकर्मियों के बीच अस्पताल में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ नजर आ रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ हो। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर उन पर कथित तौर पर गोली चलाने का प्रयास किया गया था। उस घटना में भी वह सुरक्षित बच गए थे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हमले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की पूरी जानकारी मांगी है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के सूत्रों के अनुसार, आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही, हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
सुखबीर सिंह बादल पंजाब के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में से एक हैं। वह शिरोमणि अकाली दल (Shiromani Akali Dal - SAD) के अध्यक्ष हैं और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। लंबे समय से वह राज्य और राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल बठिंडा से कई बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं और भारत सरकार में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री भी रह चुकी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सुखबीर सिंह बादल की तबीयत को लेकर उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बादल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।