
Jantar Mantar Attack Case: जून में जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र एक्टिविस्ट के पिता के सिर पर हमला करने के आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज ने अब सफाई दी है। भारद्वाज का कहना है कि उन्होंने यह हमला अपनी आत्मरक्षा में किया था, क्योंकि प्रदर्शन के दौरान भीड़ उन्हें पीट-पीटकर मारने वाली थी। खुद को गौ रक्षक बताने वाले भारद्वाज ने कहा, “मैंने आत्मरक्षा में निशु के पिता के सिर पर अपने कड़े से वार किया था।”
भारद्वाज ने अपने किए पर पछतावा भी नहीं जताया। उन्होंने कहा “अगर मुझे फिर से उसी तरह घेरा गया और निशाना बनाने की कोशिश की गई, तो मैं एक बार फिर अपनी आत्मरक्षा में कड़े से वार करूंगा।”
CJP के युवा प्रदर्शनकारी निशु के पिता संजय कुमार पर एक विरोध प्रदर्शन के दौरान सिर पर हमला हुआ था। इस हमले के लिए स्वतंत्र भारद्वाज पर आरोप लगाया गया है। भारद्वाज ने बाद में एक पॉडकास्ट में इस घटना को लेकर कथित तौर पर डींगें मारी थीं। पॉडकास्ट की एक वायरल क्लिप में भारद्वाज को यह दावा करते हुए सुना गया कि उन्होंने “खोपड़ी फोड़ दी” और इसके बावजूद उन्हें जेल नहीं हुई। वीडियो में वह हमले की रात बाहर घूमने और जेल नहीं जाने की बात कहते भी सुनाई दिए।
स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर CJP समर्थकों ने दिल्ली में मार्च किया। यह मार्च पटेल चौक से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक निकाला गया। CJP समर्थकों की अगुवाई प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने की। इस प्रदर्शन में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी शामिल हुए। उन्होंने पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करते हुए भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस स्टेशन के बाहर मीडिया से बातचीत में CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, जब संगठन शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन कर रहा था, उसी दौरान कुछ लोग प्रदर्शन में पहुंचे और हिंसा करने लगे। दास ने कहा, चूंकि नीशू दलित परिवार से है, इसलिए मामले में SC/ST एक्ट लागू किया जाए। CJP अब दिल्ली पुलिस से मांग कर रही है कि मामले में हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया जाए और FIR में लगाई गई धाराओं को बदला जाए।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गुरुवार शाम एक फैक्ट चेक जारी किया। पुलिस ने बताया कि 38 वर्षीय संजय कुमार को लगी चोटें मामूली प्रकृति की थीं और उनकी खोपड़ी में कोई फ्रैक्चर नहीं हुआ था। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में मेडिको-लीगल केस यानी MLC रिपोर्ट का हवाला दिया। पुलिस के मुताबिक, RML अस्पताल के डॉक्टरों ने संजय कुमार की मेडिकल जांच की थी। जांच में उनकी चोटों को मामूली पाया गया।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।