
पुणे: केतन अग्रवाल मर्डर केस में एक नया खुलासा हुआ है. जांच में पता चला है कि सिया को उसके प्रेमी चेतन ने ही केतन की हत्या के लिए उकसाया था. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सिया और चेतन एक-दूसरे पर इल्जाम लगा रहे थे, लेकिन दोनों के बयानों को क्रॉस-चेक करने पर चेतन के उकसावे की बात सामने आई. आपको बता दें कि 18 जून को सिया ने बर्थडे के बहाने केतन को पुणे के लोहगढ़ किले पर बुलाया था. वहां उसने अपने होने वाले पति को 400 फीट गहरी खाई में धकेलकर मार डाला था.
इस बीच, केतन के परिवार ने मांग की थी कि इस केस में मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर बनाया जाए और केस की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में हो. महाराष्ट्र सरकार ने यह मांग मान ली है. उज्ज्वल निकम वही वकील हैं जिन्होंने 26/11 मुंबई हमले के आतंकी अजमल कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. अब पूरी संभावना है कि वो केतन मर्डर केस में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किए जाएंगे. महाराष्ट्र सरकार ने इस पर अपनी सहमति दे दी है.
आरोपी सिया के पिता ने कहा है, 'अगर हमारी बेटी सच में दोषी है, तो उसे भी लोहगढ़ किले से नीचे फेंक दो.' उन्होंने कहा, 'हमें पता ही नहीं था कि हमारी 19 साल की बेटी सिया, चेतन नाम के किसी लड़के से प्यार करती थी. हमने उसे कभी नहीं देखा था. हमने एक बेटा (केतन) और एक खूबसूरत रिश्ता खो दिया है. जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसे उसी किले से नीचे धकेल देना चाहिए. चाहे वो हमारी बेटी ही क्यों न हो.' सिया की मां पूजा ने रोते हुए कहा, 'सगाई के बाद से सिया सिर्फ केतन से ही बात करती थी. हमें नहीं लगता कि वो हत्या के लिए राजी हुई होगी. अगर उसे यह शादी पसंद नहीं थी, तो उसे हमसे बात करनी चाहिए थी. उसने हमें धोखा दिया है.'
पूछताछ में सिया ने जो वजह बताई है, वो हैरान करने वाली है. उसने कहा कि होने वाले पति केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वो विग पहनता था. इसी वजह से वो उससे शादी नहीं करना चाहती थी और उसे मार डाला. सिया ने कथित तौर पर कहा, 'मुझे केतन का विग पहनना पसंद नहीं था. लेकिन मैं शादी तोड़कर अपने परिवार को दुख नहीं देना चाहती थी. इसलिए मुझे उसे मारना ही सबसे आसान रास्ता लगा.' इस पर केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा, ‘हमने सिया के परिवार को पहले ही बता दिया था कि केतन विग पहनता है. लेकिन क्या यह हत्या की वजह हो सकती है?’
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।