
मेरठ। योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए और आधुनिक भारत का शिल्पी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन की वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है। मुख्यमंत्री रविवार को मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल संपूर्ण कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, महिला और युवाओं सहित समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली से पहले मेरठ को नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो का उपहार मिला है। यह विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी तय करने में 4-5 घंटे लग जाते थे और जाम की समस्या आम थी। आज 12 लेन एक्सप्रेसवे के कारण यह दूरी 45-50 मिनट में पूरी हो रही है। नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो से यह समय और कम होगा। उन्होंने कहा कि नमो भारत, वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के माध्यम से आधुनिक और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन भारत की नई पहचान बन रहा है। हाल ही में गौतम बुद्ध नगर में सेमीकंडक्टर प्लांट का शिलान्यास भी इसी दिशा में बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री के विजन और उसकी प्रभावी क्रियान्विति की प्रशंसा की। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने डिजिटल इंडिया की उपलब्धियों को सराहा। 140 करोड़ लोगों की डिजिटल पहचान और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं भारत की बड़ी उपलब्धि हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता के कारण शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हैं। हाल ही में उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की 50वीं समीक्षा बैठक की। पहले बड़े प्रोजेक्ट्स की ऐसी मॉनिटरिंग नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल से दशकों से लंबित 85 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं पिछले 10 वर्षों में जमीन पर उतरी हैं। ‘प्रगति’ जैसी व्यवस्था से विकास कार्यों की निगरानी और तेजी आई है।
मुख्यमंत्री ने मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का उल्लेख किया, जिसका शिलान्यास प्रधानमंत्री ने किया था। यह विश्वविद्यालय अप्रैल तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) भी लगभग तैयार है और प्रदेश की इच्छा है कि इसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री के हाथों हो। साथ ही नोएडा मेट्रो के नए रूट के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए भी प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने मेरठ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को याद करते हुए क्रांतिनायक धन सिंह गुर्जर, राव कदम सिंह, शाहमल और मातादीन वाल्मीकि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह धरती प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गवाह रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ से 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। उन्होंने सराय काले खां से न्यू अशोक नगर (5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी) तक नमो भारत खंड का उद्घाटन किया। साथ ही मेरठ मेट्रो की सौगात भी दी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक मेट्रो में सफर किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने दिव्यांग बच्चों, छात्रों और अन्य यात्रियों से संवाद भी किया।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।