
भीषण गर्मी से जूझ रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को मंगलवार दोपहर अचानक राहत मिल गई। दिनभर तेज धूप और उमस के बाद मौसम ने ऐसा करवट ली कि नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और शामली समेत कई जिलों में धूल भरी आंधी चलने लगी। कई जगह बादल छा गए और हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई।
करीब तीन बजे के बाद पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बदल गया। आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल तक गिर गए। इसके चलते कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ, जबकि बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ा।
नोएडा और गाजियाबाद में तेज हवाओं के कारण कई पुराने और जर्जर पेड़ धराशायी हो गए। सड़कों पर पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने या वाहन पार्क करने से बचें।
जहां पश्चिमी यूपी में मौसम सुहाना हुआ, वहीं पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार रात के समय पूर्वांचल के कुछ जिलों में भी आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पिछले 48 घंटों में अच्छी प्रगति की है। मानसून फिलहाल मुंबई से आगे बढ़ते हुए तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा इस समय बिहार के मोतिहारी क्षेत्र तक पहुंच गई है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून के आगमन तक प्रदेश में मौसम का यही उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।