
लखनऊ। प्रदेश के किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से लागू की गई मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना आज एक मजबूत सुरक्षा कवच बनकर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वर्ष 2019 से संचालित इस योजना ने हजारों किसान परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान किया है।
अब तक इस योजना के अंतर्गत 1 लाख 8 हजार से अधिक किसानों या उनके परिजनों को आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसका पूर्ण डिजिटलीकरण किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद बनेगी। यह योजना न केवल किसान परिवारों को सहारा दे रही है, बल्कि प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत यदि किसी किसान की दुर्घटनावश मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता होती है, तो उसके परिवार को 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह सहायता सीधे किसान परिवार के लिए राहत और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करती है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के अंतर्गत राजस्व विभाग द्वारा 873.58 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। इसके माध्यम से प्रदेश के 18,145 किसानों या उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह आंकड़ा योजना की व्यापक पहुंच और प्रभाव को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में वर्ष 2023-24 में योजना के दायरे का विस्तार किया गया। इसके तहत भूमिहीन किसानों और खेतिहर मजदूरों को भी योजना में शामिल किया गया। वर्ष 2023-24 में 944.72 करोड़ रुपये वितरित कर 23,821 किसानों को सहायता दी गई थी। योजना की शुरुआत वर्ष 2019 से अब तक कुल 1,08,098 किसानों या उनके परिवारों को आर्थिक मदद मिल चुकी है, जो इनके लिए एक स्थायी सामाजिक सुरक्षा कवच साबित हो रही है।
योजना के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर राजस्व परिषद द्वारा योजना का पूर्ण डिजिटलीकरण किया जा रहा है। इसके लिए एनआईसी के सहयोग से एक आधुनिक वेब पोर्टल और सॉफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है, जो फरवरी 2026 तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा।
योजना के पूरी तरह ऑनलाइन होने के बाद किसानों को तहसील या जिला कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदन से लेकर लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से राशि ट्रांसफर की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे भ्रष्टाचार की संभावनाएं भी समाप्त होंगी।
पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के लिए इस पोर्टल को एक विशेष डैशबोर्ड सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। इससे योजना की निगरानी और क्रियान्वयन और अधिक मजबूत होगा। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना कठिन परिस्थितियों में किसानों को आर्थिक सहारा देकर योगी सरकार की किसान-हितैषी सोच को मजबूती से आगे बढ़ा रही है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।