
सिंगापुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश के रूप में एक बड़ी सौगात मिली। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने एविएशन सर्विस सेक्टर की प्रमुख कंपनी एआई सैट्स (AISATS) के साथ एक अहम एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत कंपनी गौतमबुद्ध नगर के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो बड़ी परियोजनाएं स्थापित करेगी। इन परियोजनाओं में एक आधुनिक कार्गो कैंपस और एक विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन शामिल है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स में कुल 4458 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
एमओयू के अनुसार, एआई सैट्स जेवर एयरपोर्ट परिसर में अत्याधुनिक कार्गो कैंपस विकसित करेगी। यह कार्गो कैंपस केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एयर फ्रेट और लॉजिस्टिक्स का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस परियोजना से निर्यात और आयात गतिविधियों को गति मिलेगी। खासतौर पर इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और कृषि उत्पाद जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। जेवर एयरपोर्ट को मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे सड़क, रेल और अन्य परिवहन सुविधाओं के जरिए कार्गो मूवमेंट आसान होगा। इससे यह एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए एक रणनीतिक हब के रूप में उभरेगा।
एमओयू के दूसरे हिस्से के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक अत्याधुनिक एयर कैटरिंग किचेन स्थापित की जाएगी। यह किचेन यहां से संचालित होने वाली उड़ानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला भोजन तैयार करेगी। विशेष बात यह है कि यहां तैयार भोजन केवल जेवर एयरपोर्ट तक सीमित नहीं रहेगा। इसकी आपूर्ति उत्तर भारत के अन्य एयरपोर्ट्स तक भी की जाएगी। इससे फूड प्रोसेसिंग उद्योग और सप्लाई चेन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। साथ ही हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सिंगापुर दौरा राज्य में वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दूसरे दिन हुआ यह एमओयू राज्य के एविएशन, लॉजिस्टिक्स और सर्विस सेक्टर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद यह कार्गो कैंपस और एयर कैटरिंग किचेन उत्तर भारत के आर्थिक विकास को नई गति देंगे। इससे उत्तर प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मजबूत होगी और राज्य निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।