
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। इस वर्ष कुल 53,37,778 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रदेशभर में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं।
परीक्षा से पहले माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने लखनऊ स्थित शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) शिविर कार्यालय में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाया गया है।
प्रदेश के 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। वहीं 222 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील और 683 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। इन केंद्रों पर एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई पूरी परीक्षा अवधि में सक्रिय रहेगी। अति संवेदनशील केंद्रों का दिन में दो बार निरीक्षण किया जाएगा।
नकल रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डर युक्त दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ राउटर, डीवीआर और हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा भी दी गई है। पूरी परीक्षा प्रक्रिया की लाइव मॉनिटरिंग वेबकास्टिंग के जरिए की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम 24×7 सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे। इसके अलावा 75 जिलों के हर परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम, प्रश्नपत्र वितरण कक्ष और उत्तर पुस्तिका सीलिंग-पैकिंग कक्ष की ऑनलाइन निगरानी होगी।
व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 8033 केंद्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और 8033 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 427 जोनल मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। 69 मंडलीय और 440 जिला स्तरीय सचल दल गठित किए गए हैं। शासन स्तर से सभी 75 जिलों और 18 मंडलों के लिए राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं, ताकि परीक्षा संचालन में कोई कमी न रहे।
परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सहायता के लिए लखनऊ में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 जारी किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज के टोल-फ्री नंबर 18001805310 और 18001805312 भी सक्रिय रहेंगे। शिकायत और सुझाव ईमेल, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और व्हाट्सएप के माध्यम से भी दर्ज कराए जा सकेंगे। प्रयागराज मुख्यालय के साथ वाराणसी, मेरठ, बरेली और गोरखपुर में भी क्षेत्रीय कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं।
नकल रोकने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी विषयों के अतिरिक्त रिजर्व प्रश्नपत्र सेट डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखे गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं में चार रंगों में क्रमांक, परिषद का लोगो और सूक्ष्म “UPMSP” अंकन जैसे विशेष सुरक्षा फीचर जोड़े गए हैं, जिससे अदला-बदली की संभावना खत्म हो सके। इस वर्ष पहली बार यूपी संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा की भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी।
‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024’ के तहत प्रश्नपत्र निर्माण, छपाई, वितरण और मूल्यांकन में गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परीक्षाओं में कदाचार युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है और ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए जाएंगे। परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे बिना तनाव और भय के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और इसे सकारात्मक अवसर के रूप में लें।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (बेसिक और माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा, सचिव माध्यमिक शिक्षा चन्द्र भूषण सिंह, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी, विशेष सचिव उमेश चन्द्र और शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेन्द्र देव उपस्थित रहे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।