UP Police SI Recruitment Exam: 14-15 मार्च को होगी परीक्षा, STF की निगरानी में 1090 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा

Published : Mar 13, 2026, 10:26 AM IST
UP Police SI Recruitment Exam

सार

उत्तर प्रदेश पुलिस SI भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को 75 जिलों के 1090 परीक्षा केंद्रों पर होगी। 4543 पदों के लिए 15.75 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा में नकल रोकने के लिए CCTV निगरानी और STF की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा उप निरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 14 मार्च और 15 मार्च को किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के 75 जिलों में बनाए गए 1090 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा दोनों दिनों में दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।

UP Police SI भर्ती 2025: 4543 पदों के लिए 15.75 लाख से अधिक आवेदन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सीधी भर्ती-2025 के तहत 4543 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए थे। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 11,66,386 पुरुष अभ्यर्थी और 4,09,374 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवेदन को देखते हुए परीक्षा की तैयारियां व्यापक स्तर पर की गई हैं।

परीक्षा केंद्रों का चयन: सरकारी विद्यालय और कॉलेज ही शामिल

लिखित परीक्षा के लिए गुणवत्तापूर्ण परीक्षा केंद्रों का चयन किया गया है। इसके तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालय, सरकारी डिग्री कॉलेज, राज्य और केंद्र सरकार के विद्यालय/विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक संस्थान तथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अपने ही मंडल के अंतर्गत आने वाले जिले में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।

नकल रोकने के लिए कड़ी निगरानी, CCTV से होगी मॉनिटरिंग

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने विशेष इंतजाम किए हैं। प्रतिरूपण (Impersonation) रोकने के लिए कई सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके लिए तीन स्तर का कंट्रोल और कमांड सेंटर बनाया गया है, जिसमें परीक्षा केंद्र, जिला और बोर्ड स्तर पर मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी।

एसटीएफ भी रखेगी नजर, गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई

परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और एसटीएफ (STF) द्वारा कड़ी निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश: समय से पहले पहुंचे परीक्षा केंद्र

बोर्ड ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अनुचित साधनों, प्रतिरूपण, दलालों और नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों से सावधान रहें। अभ्यर्थियों को असुविधा से बचने के लिए परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। उन्हें अपने साथ प्रवेश पत्र, आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र (ड्राइविंग लाइसेंस/पासपोर्ट) और काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन लाना अनिवार्य है।

परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद हो जाएगा प्रवेश द्वार

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय आधार नंबर दर्ज नहीं किया है या आधार नंबर में मिसमैच पाया गया है, उन्हें परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले (2.30 घंटे) परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर सत्यापन कराना होगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा में अपना अपडेटेड और अनलॉक्ड आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।

परीक्षा केंद्र पर ये सामान लाना पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्र पर कई प्रकार की वस्तुएं लाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। इनमें पाठ्य सामग्री (प्रिंट या लिखित), ज्यामिति बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, स्केल, कॉपी, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन, स्कैनर और डिजिटल पेन शामिल हैं।

इसके अलावा मोबाइल फोन, चाबी, किसी भी प्रकार की घड़ी, ज्वैलरी, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, पर्स या बटुआ, काला चश्मा, हैंडबैग, टोपी, खाने-पीने का सामान, सिगरेट, लाइटर, माचिस और गुटखा भी परीक्षा केंद्र में ले जाना सख्त रूप से मना है। यदि परीक्षा के दौरान किसी अभ्यर्थी के पास ये सामान पाया जाता है, तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

PREV

Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

LPG Cylinder Shortage के बीच दुकानदारों की चांदी, Induction करवा रहा मालामाल!
Ayushman Bharat Niramayam Yojana: फर्जी क्लेम और अनियमितता पर जबलपुर-ग्वालियर के 2 अस्पताल सस्पेंड