
Raja Bhaiya Wife Bhanvi Singh News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह यानी 'राजा भैया' हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन इस बार चर्चा उनके महल बेंती राजभवन में हो रही बाबा बागेश्वर यानी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा और उससे ठीक पहले उनकी पत्नी भानवी सिंह के एक इमोशनल ट्वीट की हो रही है। एक तरफ मंगलवार, 17 नवंबर से कुंडा के महल में 3 दिन की भव्य रामकथा शुरू हो गई है, जिसमें बाबा रामदेव, बृजभूषण सिंह जैसे बड़े नाम और 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी तक जुट रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ, राजा भैया से अलग रह रहीं उनकी पत्नी भानवी सिंह ने सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट लिखकर ससुराल आने और कथा सुनने की इच्छा जताई है। आखिर कौन हैं भानवी सिंह, जिनका ये मैसेज यूपी की सियासत और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है? आइए जानते हैं इनकी पूरी कहानी...
भानवी सिंह ने X (पहले ट्विटर) पर एक लंबा और इमोशनल मैसेज लिखा है। उन्होंने लिखा कि उन्हें अपने ससुराल बेंती राजभवन में बाबा बागेश्वर की रामकथा होने की खबर मिली, जिससे उनका मन श्रद्धा से भर गया है। उन्होंने राजा भैया के लिए 'मेरे हजूर' शब्द का इस्तेमाल करते हुए लिखा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे हजूर मेरी इस धार्मिक इच्छा का सम्मान करेंगे और मुझे इस पुण्य काम में शामिल होने का मौका देंगे, ताकि पूरे परिवार को इसका लाभ मिल सके।' उन्होंने बाबा बागेश्वर से भी प्रार्थना की है कि उनके आशीर्वाद से परिवार की सारी कड़वाहट खत्म हो और फिर से प्यार और भरोसा लौटे।
https://t.co/GQ1VSmhKya
https://t.co/wQQujPRWlz
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा स्थित मेरी ससुराल बेती राजभवन में पूज्य श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से आयोजित होने जा रही भव्य श्रीराम कथा का समाचार पाकर मन श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से अभिभूत है।
मेरी भी हार्दिक अभिलाषा है कि मुझे इस पावन आध्यात्मिक आयोजन में सम्मिलित होने, पूज्य बाबा बागेश्वर जी के दर्शन करने तथा प्रभु श्रीराम की दिव्य कथा का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त हो।
मुझे पूर्ण विश्वास और आशा है कि मेरे हजूर, श्री रघुराज प्रताप सिंह जी मेरी इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक अभिलाषा का सम्मान करते हुए मुझे इस पुण्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान करेंगे, जिससे श्रीराम कथा के श्रवण और आध्यात्मिक अनुभूति का लाभ पूरे परिवार को मिल सके।
प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में मेरी यही प्रार्थना है कि उनकी कृपा से परिवार में व्याप्त समस्त नकारात्मकता, कटुता और अशांति का अंत हो। जिन प्रतिकूल परिस्थितियों और नकारात्मक शक्तियों ने परिवार की सुख-शांति एवं पारिवारिक सौहार्द को प्रभावित किया है, उनसे मुक्ति मिले और परिवार में पुनः प्रेम, विश्वास, एकजुटता, सद्भाव एवं खुशहाली का वातावरण स्थापित हो।
मैं पूज्य बाबा बागेश्वर सरकार से भी विनम्र प्रार्थना करती हूं कि वे अपने आध्यात्मिक आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार में व्याप्त नकारात्मकता को दूर करने तथा सकारात्मकता, प्रेम और सद्भाव का संचार करने की कृपा करें। साथ ही, इस पावन कथा में सम्मिलित होने की मेरी अभिलाषा पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त करें ।
श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को मर्यादा, त्याग, करुणा, धैर्य और पारिवारिक मूल्यों की राह दिखाने वाली दिव्य प्रेरणा है। प्रभु श्रीराम की मर्यादा और उनके आदर्श हम सभी को परिवार और समाज में प्रेम, सम्मान तथा समरसता बनाए रखने की सीख देते हैं।
मेरी कामना है कि यह श्रीराम कथा केवल भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का ही नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ने, रिश्तों में विश्वास जगाने और समाज में सकारात्मकता का संदेश देने वाला पावन अवसर बने।
प्रभु श्रीराम सबका कल्याण करें।
जय श्रीराम!
जय बागेश्वर धाम सरकार!
भानवी कुमारी
भदरी, कुंडा, जनपद प्रतापगढ़ @Raghuraj_Bhadri @RaghaviBhadri @vij_bhadri @shivrajpsbhadri @brijraj_bhadri @kalisenachief @myogioffice @JSDL_Official
— Bhanvi Kumari Singh Bhadri (@BhanviKumari) November 17, 2026
भानवी सिंह खुद भी एक बड़े शाही परिवार से आती हैं। उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को यूपी के बस्ती राजघराने में हुआ था। उनके पिता कुंवर रवि प्रताप सिंह बस्ती के शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। भानवी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बस्ती और फिर आगे की पढ़ाई लखनऊ से पूरी की है। साल 1995 में उनकी शादी भदरी रियासत के राजकुमार रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं, दो बेटे शिवराज और बृजराज और दो बेटियां राघवी और बृजेश्वरी।
भानवी सिंह भले ही राजनीति से दूर रहती हों, लेकिन बिजनेस की दुनिया में उनका अच्छा नाम है। दिलचस्प बात यह है कि वो अपने पति राजा भैया से भी ज्यादा अमीर हैं। 2017 के चुनावी हलफनामे के मुताबिक, राजा भैया के नाम करीब 6 करोड़ रुपए की संपत्ति थी, जबकि भानवी सिंह के नाम 7.2 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी दर्ज थी। भानवी सिंह के पास करीब साढ़े 4 किलो सोना, 10 किलो चांदी और 21 सोने के सिक्के हैं। शाही अंदाज रखने वाली भानवी को हथियारों का भी शौक है। उनके पास एक पिस्टल, एक राइफल और एक बंदूक भी है।
दोनों के बीच ये अनबन नई नहीं है। ये रिश्ता अब कोर्ट की दहलीज तक पहुंच चुका है। दोनों के बीच विवाद की शुरुआत तब हुई जब भानवी ने राजा भैया के चचेरे भाई और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर जाली साइन करके कंपनी के शेयर बेचने का केस दर्ज कराया। जब राजा भैया से पूछा गया तो उन्होंने साफ कह दिया कि वो अपने भाई अक्षय के साथ खड़े हैं। यहीं से पति-पत्नी के बीच दरार गहरी हो गई। नवंबर 2022 में दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की गई। दोनों 2017 से ही अलग रह रहे हैं।
भानवी ने राजा भैया पर कई गंभीर आरोप लगाए थे और मार्च 2025 में दिल्ली में घरेलू हिंसा की FIR भी दर्ज कराई थी। हालांकि, फरवरी 2026 में दिल्ली की एक अदालत ने मामले को बहुत पुराना और समय-सीमा से बाहर बताते हुए राजा भैया को बड़ी राहत दे दी थी। फिलहाल तलाक के मुख्य मामले पर फैसला आना बाकी है।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।