
Manish Gupta Khagaria: बिहार के खगड़िया में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर कभी खुद को IAS अधिकारी तो कभी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताता था। गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार में रहने वाले मनीष गुप्ता के घर पर पुलिस ने छापेमारी कर दो महंगी गाड़ियां, कई ATM कार्ड और लैपटॉप समेत दूसरी चीजें बरामद की हैं। बरामद वाहनों पर ‘Government of India’ लिखा होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, अविवाहित मनीष कुमार अपने बड़े से मकान में अकेला रहता था। बताया जाता है कि उसने घर और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए करीब 100 CCTV कैमरे लगवा रखे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, मनीष का घर से बाहर आना-जाना भी बेहद कम था और आसपास के लोग उससे ज्यादा परिचित नहीं थे। मनीष के परिवार की बात करें तो उसके पिता परमेश्वर गुप्ता खगड़िया के केडीएस कॉलेज में हिंदी के प्रोफेसर रह चुके हैं। वह छह भाइयों में सबसे छोटा है। उसके बड़े भाई संजय कुमार दिल्ली में प्रोफेसर हैं, जबकि एक अन्य भाई कनाडा में रहता है। पुलिस उसके बाकी भाइयों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मनीष गुप्ता को लेकर शिकायत मिलने के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। बताया गया कि पिछले करीब आठ दिनों से पुलिस उसकी निगरानी कर रही थी। इसके बाद DIU और गोगरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जमालपुर बाजार स्थित उसके घर पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। इसी दौरान दो महंगी चार पहिया गाड़ियां मिलीं, जिन पर ‘Government of India’ लिखा हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। इसके अलावा कई ATM कार्ड और लैपटॉप भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार में रोंगटे खड़े करने वाला मंजर, एक ही घर में घुसे किंग कोबरा और अजगर
इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा मनीष गुप्ता के उस कथित दावे की है, जिसमें वह खुद को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताता था। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान भी उसने पुलिस के सामने इसी तरह का दावा किया। इसके साथ ही उसके खुद को IAS अधिकारी बताने की शिकायत भी पुलिस तक पहुंची थी। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है। यही वजह है कि मनीष गुप्ता वास्तव में किसी सरकारी पद पर था या किसी केंद्रीय एजेंसी से जुड़ा था, इस बारे में अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
ये भी पढ़ें- बिहार से दमन तक दर्दनाक कहानी! पति को छोड़ प्रेमी संग गई महिला की ट्रॉली बैग में मिली लाश
खगड़िया के एसपी भानू प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने जमालपुर स्थित एक घर में छापेमारी की है और मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी। पुलिस की ओर से जांच पूरी होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की भी बात कही गई है। फिलहाल इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, मनीष गुप्ता खुद को IAS अधिकारी क्यों बताता था, ‘Government of India’ लिखी गाड़ियां उसके पास कैसे पहुंचीं और अजीत डोभाल के अंडरकवर एजेंट होने का उसका दावा कितना सच है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
Asianet News Hindi पर पढ़ें देशभर की सबसे ताज़ा National News in Hindi, जो हम खास तौर पर आपके लिए चुनकर लाते हैं। दुनिया की हलचल, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं और बड़े अपडेट — सब कुछ साफ, संक्षिप्त और भरोसेमंद रूप में पाएं हमारी World News in Hindi कवरेज में। अपने राज्य से जुड़ी खबरें, प्रशासनिक फैसले और स्थानीय बदलाव जानने के लिए देखें State News in Hindi, बिल्कुल आपके आसपास की भाषा में। उत्तर प्रदेश से राजनीति से लेकर जिलों के जमीनी मुद्दों तक — हर ज़रूरी जानकारी मिलती है यहां, हमारे UP News सेक्शन में। और Bihar News में पाएं बिहार की असली आवाज — गांव-कस्बों से लेकर पटना तक की ताज़ा रिपोर्ट, कहानी और अपडेट के साथ, सिर्फ Asianet News Hindi पर।