टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने की संन्यास की घोषणा, फैंस को दिया यह खास मैसेज

Published : Dec 25, 2019, 10:04 PM ISTUpdated : Dec 25, 2019, 10:45 PM IST
टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने की संन्यास की घोषणा, फैंस को दिया यह खास मैसेज

सार

भारत के महान टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने बुधवार को घोषणा की कि वह 2020 में खेल को अलविदा कह देंगे और पेशेवर सर्किट पर यह उनका आखिरी सत्र होगा । अपने सुनहरे करियर में 18 ग्रैंडस्लैम युगल समेत सैकड़ों खिताब जीत चुके पेस लंबे समय से खराब फार्म से जूझ रहे हैं ।

नई दिल्ली. भारत के महान टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने बुधवार को घोषणा की कि वह 2020 में खेल को अलविदा कह देंगे और पेशेवर सर्किट पर यह उनका आखिरी सत्र होगा । अपने सुनहरे करियर में 18 ग्रैंडस्लैम युगल समेत सैकड़ों खिताब जीत चुके पेस लंबे समय से खराब फार्म से जूझ रहे हैं । डेविस कप के इतिहास में सबसे सफल युगल मैच जीत चुके पेस 19 साल में पहली बार शीर्ष 100 से बाहर हुए ।

पेस ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मैं घोषणा करना चाहता हूं कि 2020 पेशेवर टेनिस खिलाड़ी के तौर पर मेरा आखिरी साल होगा।’’ उन्होंने आगे लिखा, ‘‘मुझे 2020 टेनिस कैलेंडर का इंतजार है जिसमे मैं चुनिंदा टूर्नामेंट खेलूंगा, टीम के साथ यात्रा करूंगा और दुनिया भर में अपने दोस्तों और प्रशंसकों के साथ जश्न मनाऊंगा।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ आप सभी की वजह से मैं यहां तक पहुंचा हूं । मैं इस साल आप सभी को शुक्रिया कहना चाहता हूं ।’’

उन्होंने अपने माता पिता डाक्टर वेस पेस और जेनिफर को धन्यवाद दिया । पेस ने कहा ,‘‘ मैं अपने माता पिता को उनके मार्गदर्शन, अनुशासन, उनके द्वारा बनाये गए माहौल और बिना शर्त प्यार के लिये धन्यवाद देना चाहता हूं । उनके सहयोग और विश्वास के बिना मैं यहां तक नहीं पहुंच पाता ।’’

फैंस से की यह खास अपील 
उन्होंने अपनी बड़ी बहनों और बेटी अयाना को भी धन्यवाद दिया। पेस ने अपने प्रशंसकों से उनसे जुड़ी उनकी पसंदीदा याद भी शेयर करने को कहा जिसका हैशटैग होगा ‘वन लास्ट रोर ’ । उन्होंने कहा ,‘‘ 2020 जज्बाती वर्ष होगा और मुझे आप सभी का इंतजार है ।’’

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)
 

PREV

Recommended Stories

IND vs NZ 2nd ODI Live Streaming: भारत-न्यूजीलैंड दूसरा वनडे आज, कब-कहां-कैसे देखें मैच?
Vaibhav Suryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बने इस टीम के कप्तान, इन 17 खिलाड़ियों को भी मिला मौका