राइजिंग स्टार एशिया कप में वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। वहीं, उन्होंने महज 28 गेंद में अपनी धुआंधार सेंचुरी पूरी कर ली।

राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 में भारतीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। दोहा में खेले जा रहे इस मुकाबले में वैभव ने यूएई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने महज 28 गेंदों में शतक ठोंक वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। अपनी इस धुआंधार पारी में वैभव 22 छक्के और 6 चौकों के साथ 164 रन के स्कोर पर खेल रहे हैं।

यूएई की ओर से मिले 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने महज 5 ओवर में ही एक विकेट के नुकसान पर 100 रन बना लिए थे। भारत को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। वह 12 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वैभव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और प्रभसिमरन सिंह के साथ पारी को आगे बढ़ाया। खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया ने 11 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 202 रन बना लिए थे।

वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में पूरा किया अर्धशतक

  • वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के गेंदबाज बासिल हमीद के ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर अपना तूफानी अंदाज दिखाया। उन्होंने ओवर की तीसरी, पांचवीं और छठी गेंद को डीप मिडविकेट के ऊपर से बाउंड्री के पार पहुंचाया। आखिरी गेंद पर छक्का लगाते ही वैभव ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया।
  • उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने यूएई के गेंदबाज बेबस नजर आए। वैभव ने मैदान के अलग-अलग हिस्सों में बड़े शॉट लगाए और भारतीय टीम को तेज शुरुआत दिलाई।

पहले ही ओवर में वैभव ने लगाए लगातार तीन छक्के

वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत से ही यूएई के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था। जाहिद अली के पहले ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के लगाए। ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर वैभव ने गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचाया। इस ओवर में उन्होंने कुल 19 रन बटोरे। यानी शुरुआती छह गेंदों में ही वैभव ने 19 रन बना दिए।

इबरार अहमद के ओवर में भी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

वैभव सूर्यवंशी ने इबरार अहमद के ओवर में भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद पांचवीं और छठी गेंद पर लगातार दो छक्के जड़ दिए। इस ओवर में वैभव ने कुल 17 रन बनाए, जबकि यूएई की ओर से दो वाइड गेंदें भी फेंकी गईं। अभिषेक शर्मा ने इस ओवर में एक रन लिया।

UAE ने बनाए थे 249 रन, हरप्रीत भाटिया ने जड़ा शतक

  • इससे पहले टॉस जीतकर यूएई ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाए और भारत के सामने 250 रनों का लक्ष्य रखा।
  • यूएई की ओर से भारतीय अंडर-19 टीम के पूर्व उप-कप्तान हरप्रीत सिंह भाटिया ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 130 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
  • हरप्रीत की इस पारी की बदौलत यूएई की टीम 249 रन तक पहुंचने में सफल रही। अब भारतीय टीम की नजर वैभव सूर्यवंशी की इस तूफानी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने और मुकाबला जीतने पर है।