
रायबरेली। यहां रविवार को एक सड़क दुर्घटना में उन्नाव रेप पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में पीड़िता की चाची और उसके वकील की मौत हो गई। कार में तीन लोग सवार थे। घायल उन्नाव की रेप पीड़िता को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। यह वही रेप पीड़िता है, जिस मामले में उन्नाव के बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर आरोपी हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्नाव गैंगरेप पीड़िता के चाचा जेल में हैं। चाचा से मिलने के लिए वो अपनी चाची और वकील के साथ रायबरेली जेल जा रहे थे। इसी बीच एक ट्रक से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। हादसा रायबरेली के अतरुआ गांव में हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
बता दें कि इसी पीड़िता ने आरोप लगाया था कि उन्नाव के बांगरमऊ से विधायक कुलदीप सेंगर ने उसके साथ 4 जून, 2017 को अपने आवास पर दुष्कर्म किया। यहां वो अपने एक रिश्तेदार के साथ नौकरी मांगने गई थी।
सेंगर के खिलाफ उन्नाव के माखी थाने में धारा 363, 366, 376, 506 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। सेंगर उन्नाव के अलग-अलग विधानसभा सीटों से चार बार से लगातार विधायक हैं।
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.