
देहरादून। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में चौंकाने वाली घटना हुई है। यहां कांग्रेस की सभा में कथित तौर पर एक युवक चाकू लेकर मंच पर चढ़ गया और जय श्री राम के नारे नहीं लगाने पर कांग्रेसियों को मारने की धमकी देने लगा। गनीमत रही कि इस घटनाक्रम से चंद मिनट पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के चुनाव अभियान प्रभारी हरीश रावत मंच से नीचे उतर गए थे। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और देर शाम गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को हरीश रावत उधम सिंह नगर के काशीपुर में कांग्रेस के सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उसके बाद रावत मंच से उतरने लगे। इसी बीच एक युवक अचानक मंच पर चढ़ गया और उसने चाकू लहराते हुए माइक थाम लिया और मैदान में मौजूद लोगों से जय श्रीराम के नारे लगाने को कहने लगा। नारे नहीं लगाने पर वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मौके पर मौजूद लोगों को मारने की धमकी देने लगा। इस घटना से सभास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मंच पर मौजूद लोगों ने किसी तरह युवक को पकड़ा और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। उसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर पाते, वह हाथ छुड़ाकर भाग निकला।
कांग्रेस बोली- माहौल खराब किया जा रहा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज जोशी ने इस घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चाकू लेकर युवक मंच तक पहुंचा, लेकिन वहां पूर्व सीएम की सुरक्षा में लगी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। चुनाव से पहले माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि आरोपी युवक पहले से कार्यक्रम में मौजूद था। उसने पूर्व सीएम हरीश रावत के पहुंचने पर उन्हें माला भी पहनाई थी। काशीपुर कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि युवा कांग्रेस के काशीपुर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष प्रभात साहनी की तहरीर पर आरोपी ग्राम प्रतापपुर निवासी विनोद कुमार के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। रतूड़ी ने बताया कि आरोपी युवक मानसिक रूप से कमजोर है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नारे लगा रहा था
काशीपुर एएसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि हरीश रावत के सभास्थल के कुछ वीडियो मिले हैं। घटना से कुछ समय पहले आरोपी युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झंडा पकड़कर नारेबाजी करता दिखाई दे रहा है। उसे ट्रेस किया जा रहा है।
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.