
पटियाला, पंजाब. यहां लेडी कांस्टेबल को सरेआम छेड़ने का मामला सामने आया है। कांस्टेबल 7 महीने की गर्भवती है। वो अपनी स्कूटी से ड्यूटी जा रही थी, तभी कार सवार एक अधेड़ ने उसकी साथ छेड़छाड़ कर दी। आरोपी काफी देर से कांस्टेबल का पीछा कर रहा था। जब कांस्टेबल ने उसे नजरअंदाज किया, तो उसकी हिम्मत बढ़ गई। उसने अपनी कार को कांस्टेबल की स्कूटी के आगे लगाकर रोक लिया। जब कांस्टेबल ने उसे फटकारा, तो वो बेशर्मी से बोला-क्या तुम मेरी गर्लफ्रेंड बनोगी? कांस्टेबल ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
कार से पीछे लग गया था आरोपी...
पीड़ित कांस्टेबल ने बताया कि वो रोज की तरह एक जुलाई को अपनी ड्यूटी के लिए निकली थी। जब वो गांव मशींगढ़ वाली रोड पर पहुंची, तभी कार सवार उसका पीछा करने लगा। कार पटियाला के नंबर की थी। कारवाला जब काफी देर से पीछे लगा रहा, तब कांस्टेबल का माथा ठनका। हालांकि कांस्टेबल ने उसे नजरअंदाज कर दिया। इससे आरोपी की हिम्मत बढ़ गई। उसने करीब एक किमी आगे जाकर अपनी कार को स्कूटी के आगे लगाकर रोका। इस पर कांस्टेबल ने उसे बुरी तरह फटकारा। फटकार सुनकर आरोपी बेशर्मी से बोला कि क्या वो उसकी गर्लफ्रेंड बनेगी? आरोपी जब अपनी हरकत से बाज नहीं आया, तो कांस्टेबल ने मोबाइल से उसकी तस्वीर खींचकर पुलिस थाने में अधिकारी को भेज दी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
पुलिस की पड़ताल में कार डेरा सवाई सिंह वाला के रहने वाले मलकीत सिंह की निकली। थाना जुल्का इंचार्ज गुरमुख सिंह का कहना है कि आरोपी अभी फरार है। उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।
पंजाब की राजनीति, किसान मुद्दे, रोजगार, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक-सामाजिक खबरें पढ़ें। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना और ग्रामीण क्षेत्रों की विशेष रिपोर्ट्स के लिए Punjab News in Hindi सेक्शन देखें — ताज़ा और प्रामाणिक खबरें Asianet News Hindi पर।