Punjab Election 2022: सिद्धू बोले- महान परोपकारी के साथ जुड़ने पर गर्व है, सोनू सूद ने ‘पाजी’ को ये जवाब दिया

पंजाब में विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) से चंद दिन पहले राजनीतिक दलों में नेताओं के शामिल होने का दौर तेज हो गया है। दो दिन पहले एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) की बहन मालविका सूद (Malvika Sood) ने कांग्रेस जॉइन (Congress Join) कर ली।

Asianet News Hindi | Published : Jan 12, 2022 7:05 AM IST

चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव (Punjab Election 2022) से चंद दिन पहले राजनीतिक दलों में नेताओं के शामिल होने का दौर तेज हो गया है। दो दिन पहले एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) की बहन मालविका सूद (Malvika Sood) ने कांग्रेस जॉइन (Congress Join) कर ली। इस संबंध में पार्टी नेताओं की तरफ से ट्वीट करके जानकारी दी गई। प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot singh Sidhu) ने सोनू सूद की तारीफ की और लिखा- मानव जाति को सुख देने के प्रयास से बड़ा कोई स्थायी नाम और यश नहीं होता है। कुर्सियां लोगों को शोभा नहीं देतीं, लेकिन लोग उन कुर्सियों की शोभा बढ़ाते हैं। हमारे समय के सबसे महान परोपकारी लोगों में से एक (Sonu Sood) के साथ जुड़ने पर गर्व है। पार्टी उन्हें (सोनू सूद) अपने साथ पाकर गर्व महसूस करती है।

सिद्धू के इस ट्वीट पर सोनू सूद ने आभार जताया और लिखा- प्रशंसा के आपके उत्साहजनक शब्दों के लिए धन्यवाद सिद्धू पाजी। यह मुझे हमेशा समाज के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ करने के लिए प्रेरित करेगा। मेरी बहन मालविका पर भरोसा करने के लिए मैं आपका तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। मुझे विश्वास है कि उनकी प्रतिभा समाज की बेहतरी की दिशा में काम आएगी। इससे पहले सिद्धू ने कहा था कि ‘सोनू सूद का नाम हिंदुस्तान ही नहीं पूरी दुनिया में जाना जाता है। ऐसे परिवार की सदस्य आज कांग्रेस परिवार का सदस्य बनने जा रही हैं। बड़ा रेयर है कि पार्टी का प्रधान और सीएम दोनों सम्मान दें। यही सबसे बड़ा प्रमाण है। मालविका एक निहायत पढ़ी लिखीं लड़की हैं। गेमचेंजर साबित होंगी। अपनी सीट के अलावा और सीटों पर भी इनका (मालविका) असर होगा।

मोगा से दावेदारी कर रही हैं मालविका सूद
गौरतलब है कि पिछले महीने सोनू सूद ने चंडीगढ़ के पास एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें उन्होंने बहन मालविका के चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। हालांकि उस दौरान उन्होंने पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद पंजाब में सियासी हलचल तेज हो गई थी और उनके कांग्रेस में जाने की अटलें लगाई जाने लगी थीं। दो दिन पहले सोनू सूद खुद बहन मालविका के साथ मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात करने पहुंचे थे। यहां चारों लोगों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। सोनू की बहन मोगा विधानसभा सीट से दावेदारी कर रही हैं। 

मेरा मानवतावादी के रूप में काम जारी रहेगा: सोनू
सोनू ने बहन मालविका के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली प्रतिक्रिया दी और ट्वीट कर राजनीतिक पारी शुरू करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सोनू ने लिखा- मेरी बहन मालविका सूद अपनी राजनीतिक यात्रा पर निकल रही हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और उनके जीवन के इस नए अध्याय में उन्हें फलते-फूलते देखने का इंतजार नहीं कर सकता। गुड लक मालविका! एक अभिनेता और मानवतावादी के रूप में मेरा अपना काम बिना किसी राजनीतिक जुड़ाव या ध्यान भंग के जारी है। 

मोगा से कांग्रेस विधायक के बगावती तेवर
मालविका के कांग्रेस में शामिल होने और मोगा से दावेदारी करने पर कांग्रेस में दो फाड़ हो गए हैं। मोगा से कांग्रेस के वर्तमान विधायक  हरजोत कमल ने बगावत कर दी है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह हर हाल में मोगा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस बगावत के बाद मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी उन्हें मनाने में जुट गए हैं। चर्चा यह भी है कि हरजोत कमल भाजपा में जा सकते हैं। कमल ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस में 21 साल काम किया। उस वक्त कांग्रेस को मोगा में खड़ा किया, जब वहां कोई कांग्रेसी नहीं था। अब उनकी जानकारी के बगैर ही मालविका सूद को पार्टी में शामिल कर लिया। 

Share this article
click me!