मोगा से हरजोत कमल का टिकट काट सोनू सूद की बहन मालविका को टिकट देगी कांग्रेस

कांग्रेस में मोगा से डॉक्टर हरजोत सिंह का टिकट कटना लगभग फाइनल हो चुका है। कांग्रेस अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद को यहां से टिकट देने जा रही है।

Asianet News Hindi | Published : Jan 14, 2022 4:56 PM IST

चंडीगढ़। कांग्रेस में मोगा से डॉक्टर हरजोत सिंह का टिकट कटना लगभग फाइनल हो चुका है। कांग्रेस अभिनेता सोनू सूद ( Sonu Sood) की बहन मालविका सूद (Malvika Sood) को यहां से टिकट देने जा रही है। यह निर्णय लगभग फाइनल हो गया है। इसके साथ ही कांग्रेस चुनाव घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। कादियान सीट से वह चुनाव मैदान में आ सकते हैं। 

पहली सूची पर तकरार होने के बाद अब कांग्रेस पूरी तरह से बचाव की मुद्रा में है। पहले बड़ी संख्या में टिकट काटने की योजना थी, लेकिन अब इस प्रयोग को छोड़ दिया गया है। पहली सूची में मलोट से विधायक और उपाध्यक्ष अजैब सिंह भट्टी का टिकट तय माना जा रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री रघुनाथ सहाय पुरी के बेटे नरेश पुरी का मामला सुजानपुर में सुलझ गया है। अब कांग्रेस नरेश पुरी को ही टिकट दे रही है। इसी तरह जालंधर पश्चिम से विधायक सुशील रिंकू पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं। इस सीट से महिंदर सिंह केपी चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन बदले हुए हालात में केपी अब आदमपुर सीट से टिकट मांग रहे हैं। 

पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल को लहरा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, लेकिन भट्टल अपने बेटे राहुल इंदर भट्टल के लिए टिकट मांग रहे हैं। इसी तरह पटियाला ग्रामीण से विधायक और कैबिनेट मंत्री ब्रह्म महिंद्रा का भी नाम फाइनल है, लेकिन वह अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहे हैं। पार्टी दोनों सीटों पर बेटों को जगह दे सकती है।

गढ़शंकर सीट का मुद्दा उलझा 
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू चाहते हैं कि गढ़शंकर से मिनिषा मेहता को टिकट दिया जाए, जबकि सुनील जाखड़ युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह लाली को लेकर अड़े हैं। पार्टी विधायकों को लेकर कोई बड़ा बदलाव नहीं कर रही है। संगरूर से विजय इंदर सिंगला, बठिंडा से मनप्रीत बादल, गिद्दड़बाहा से अमरिंदर सिंह राजा वारिंग का चुनाव लड़ना लगभग तय है। 

इनका भी टिकट लगभग तय
बलुआना से नाथू राम का टिकट लगभग फाइनल हो गया है। पार्टी इस सीट से महिला उम्मीदवार राजिंदर कौर को मैदान में उतार सकती है। राजिंदर कौर पिछली बार भी टिकट की दावेदार थीं। इसी तरह अटारी से तरसेम डीसी का टिकट कटना लगभग तय है। खदुर साहिब से रमनजीत सिंह सिक्की का टिकट अटका हुआ है, क्योंकि इस सीट से खदुर साहिब से सांसद जसबीर डिंपा चुनाव लड़ रहे हैं।

बगावत से डर गई कांग्रेस 
पार्टी ने पहले तय किया था कि इस बार जिन विधायकों का अच्छा प्रदर्शन नहीं है, या जिनके खिलाफ मतदाताओं में रोष है, उनका टिकट काट दिया जाए। लेकिन यह प्रयोग विफल रहा। क्योंकि इससे पार्टी के भीतर बगावत के आसार बन गए थे। माना जा रहा है कि टिकट कटने वाले नेता दूसरी पार्टियों खास तौर पर कैप्टन के नजदीक जा सकते हैं, जिसका कांग्रेस को नुकसान हो सकता है। हालांकि राहुल गांधी चाहते हैं कि ऐसे लोगों का टिकट कटना चाहिए जिनके खिलाफ मतदाताओं में रोष है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं कर रही है। सिर्फ उन नेताओं के टिकट काटे जा सकते है जिनकी बगावत जगजाहिर है। हालांकि अभी गुरुहरसहाय, फाजिल्का, जलालाबाद, पटियाला अर्बन, लंबी जैसी हॉट सीटों पर पार्टी कोई फैसला नहीं ले पाई है। 

सूची किसी भी वक्त जारी हो सकती है
यह पहला मौका नहीं है कि कांग्रेस की लिस्ट इतनी लटक रही है। अक्सर कांग्रेस में रहता यही है कि लिस्ट देरी से जारी होती है। इस बार भी इसी तरह के हालात बन रहे हैं। इसके बाद भी पार्टी के सीनियर नेताओं ने बताया कि जल्दी ही लिस्ट जारी हो सकती है।

 

ये भी पढ़ें

टिकट न मिलने पर थाने में फूट-फूट कर रोए BSP नेता, कहा- इंसाफ न मिलने पर करूंगा आत्मदाह

UP Election 2022: कांग्रेस ने ब्रज की महिलाओं पर जताया विश्वास, आठ महिलाओं को बनाया उम्मीदवार

75 साल के हसनूराम 93 बार लड़ चुके हैं चुनाव, हार का रिकॉर्ड बनाने का है लक्ष्य, देखें वीडियो

Share this article
click me!