अमृतसर में शिवसेना नेता की गोली मारकर हत्या, मंदिर के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुआ हमला

पंजाब के अमृतसर में शिवसेना नेता सुधीर सूरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुधीर सूरी और अन्य लोगों के साथ गोपाल मंदिर के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।

Asianet News Hindi | Published : Nov 4, 2022 10:22 AM IST / Updated: Nov 04 2022, 04:37 PM IST

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में शिवसेना नेता सुधीर सूरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुधीर सूरी और अन्य लोगों के साथ गोपाल मंदिर के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। वे पिछले दिनों मंदिर के पास कचरे से मूर्तियां मिलने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान ही भीड़ में से किसी ने सुधीर सूरी को गोली मार दी।

सूरी को पहले भी हत्या की धमकी मिली थी। पुलिस ने दो शूटर को उनकी हत्या की साजिश रचने के आरोप में पिछले दिनों गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान मंदिर के बाहर भीड़ जुटी थी। इसी दौरान सुधीर पर गोली चलाई गई। सुधीर को गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शिवसेना कार्यकर्ताओं की ओर से इस दौरान हवाई फायरिंग की गई। लोगों ने सुधीर को हॉस्पिटल ले जाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। 

पुलिस ने हमलावर को किया गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। शिवसेना नेता पुलिस अधिकारियों से बात कर रहे थे तभी उनपर हमला हुआ। सूरी अपराधियों की हिट लिस्ट में थे, जिसके चलते उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। भीड़ ने सुरी पर गोली चलाने वाले हमलावर को पकड़ लिया था, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार किए गए संदिग्ध की पहचान संदीप सिंह के रूप में हुई है। भाजपा के नेता तजिंदर सिंह बग्गा ने हत्याकांड को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है। 

 

 

जुलाई में सूरी को किया गया था गिरफ्तार
बता दें कि सूरी इस साल जुलाई में एक खास समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद चर्चा में थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें वह अपने कुछ सहयोगियों के साथ एक समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द बोल रहे थे। 

Share this article
click me!