लड़कियां क्यों रहना चाहती हैं सिंगल, जानें ये 5 कारण

आजकल काफी लड़कियां सिंगल रहना पसंद करती हैं। ऐसी लड़कियां अक्सर अपने करियर में सफल होती हैं, पर शादी के नाम से ही भड़क जाती हैं।

Asianet News Hindi | Published : Sep 2, 2019 10:53 AM IST / Updated: Sep 02 2019, 04:42 PM IST

लाइफस्टाइल डेस्क। आजकल काफी लड़कियां सिंगल रहना ज्यादा पसंद करती हैं। ऐसी लड़कियां अक्सर अच्छी-खासी मिडल क्लास फैमिली से होती हैं और उनका करियर भी बढ़िया होता है। लेकिन शादी के नाम से ही ये भड़क उठती हैं। ऐसी लड़कियां पूरी जिंदगी अनमैरिड ही बिता देती हैं, यह अलग बात है कि उनके दोस्तों की कोई कमी नहीं होती। कई तो लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहने लगती हैं। आखिर क्या कारण हैं कि लड़कियां शादी करने से बचना चाहती हैं। जानते हैं इसके बारे में।

1. करियर के लिए
बहुत सी लड़कियों को अपने करियर से इतना ज्यादा प्यार होता है कि वे शादी करना नहीं चाहतीं। उन्हें लगता है कि शादी होने के बाद उनके करियर में ठहराव आ जाएगा। कई सोचती हैं कि शादी के बाद ऑफिस और घर, दोनों एक साथ मैनेज कर पाना कठिन होगा। उन्हें लगता है कि शादी के बाद बच्चे होने पर कहीं उन्हें नौकरी न छोड़नी पड़ जाए।

2. आजाद जिंदगी बिताने के लिए
बहुत सी लड़कियां इतनी आजाद ख्याल होती हैं कि उन्हें किसी की रोक-टोक पसंद नहीं होती। ऐसी लड़कियां अक्सर बड़ी होने पर अपने पेरेंट्स से भी दूरी बना कर चलती हैं और हर काम अपनी मर्जी से करती हैं। उन्हें पता होता है कि शादी कर लेने के बाद हर समय उनकी मर्जी नहीं चल पाएगी और उनकी आजादी में खलल पड़ जाएगा। इस वजह से भी लड़कियां शादी नहीं करतीं। 

3. जिम्मेदारियों से भागना
कई लड़कियों की परवरिश ही कुछ इस तरह से होती है कि वे किसी तरह की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहतीं। ऐसी लड़कियों को अच्छी तरह पता होता है कि शादी का मतलब जिम्मेदारियों का भारी बोझ है। शादी करने पर उन्हें घर चलाने से लेकर पति, सास-ससुर और अपने बच्चों की जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। इससे बचने के लिए वे शादी करने से ही इनकार कर देती हैं।

4. पुरुषों से नफरत
बहुत सी लड़कियां पढ़ाई-लिखाई के दौरान फेमिनिज्म की विचारधारा से प्रभावित हो जाती हैं। इस विचारधारा में पुरुषों को को स्त्रियों का उत्पीड़न करने वाला बताया जाता है। इस विचारधारा से प्रभावित कई लड़कियां पुरुषों से नफरत तक करने लगती हैं। गौरतलब है कि उच्च शिक्षा हासिल करने वाली ऐसी लड़कियां उच्च वर्ग की होती हैं और सिंगल रहना पसंद करती हैं। 

5. नाकाम मुहब्बत
मुहब्बत में नाकाम रह गई लड़कियां भी आखिर में सिंगल रहने का फैसला कर लेती हैं। कई लड़कियों के प्रेमी उन्हें छोड़ कर  किसी दूसरी लड़की से शादी कर लेते हैं, तो कई बार लड़की के पेरेंट्स ही उसके बॉयफ्रेंड से शादी करवाने से इनकार कर देते हैं। बहुत सी लड़कियां तो इस मामले में समझौता कर लेती हैं और पेरेंट्स जहां शादी तय कर देते हैं, कर लेती हैं, लेकिन कुछ लड़कियां ऐसा नहीं करतीं और जीवन भर सिंगल रहने का फैसला कर लेती हैं।    

Share this article
click me!