मैरिड लाइफ पर हाइपरटेंशन का पड़ता है बहुत बुरा असर, जानें कैसे रखें खुद को सेफ

अक्सर उम्र बढ़ने पर पुरुषों में हाइपरटेंशन (Hypertension) की समस्या पैदा हो जाती है। 40 साल से ज्यादा उम्र के पुरुषों में हाई ब्लड प्रेशर की वजह से कई तरह की समस्याएं पैदा होने लगती हैं। इससे उनकी मैरिड लाइफ पर भी बुरा असर पड़ता है।
 

Asianet News Hindi | Published : Jan 31, 2021 12:48 PM IST

रिलेशनशिप डेस्क। अक्सर उम्र बढ़ने पर पुरुषों में हाइपरटेंशन (Hypertension) की समस्या पैदा हो जाती है। 40 साल से ज्यादा उम्र के पुरुषों में हाई ब्लड प्रेशर की वजह से कई तरह की समस्याएं पैदा होने लगती हैं। इससे उनकी मैरिड लाइफ पर भी बुरा असर पड़ता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 40 साल से ज्यादा उम्र के करीब 49 फीसदी लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ता है। अगर हाइपरटेंशन की समस्या का समय पर सही इलाज नहीं कराया गया तो इससे दूसरी बीमारियां तो होती ही हैं, रिलेशनशिप में भी समस्या पैदा होने लगती है। इसलिए 40 साल से ज्यादा उम्र के पुरुषों को समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराते रहना चाहिए, ताकि अगर वे हाइपरटेंशन की समस्या से जूझ रहे हैं, तो इसका समय रहते निदान हो सके।

कई अंगों पर पड़ता है बुरा असर
आम तौर पर जल्दी इस समस्या का पता नहीं चल पाता है। जब ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ जाती है, तो इसे ही हाइपरटेंशन कहते हैं। इसका शरीर के कई अंगों पर बहुत बुरा असर पड़ता है। हाइपरटेंशन का असर हार्ट और किडनी पर पड़ता है। इसके अलावा, कई बार धमनियों में संकुचन भी पैदा हो जाता है। इससे रक्त प्रवाह में समस्या पैदा होती है। जब यह समस्या बढ़ जाती है, तो व्यक्ति को संबंध बनाने में परेशानी होने लगती है या यह उसके लिए संभव ही नहीं रह जाता। ऐसे में, वैवाहिक जीवन में नीरसता पैदा हो जाती है।

तनाव है प्रमुख वजह
आज के समय में ज्यादातर लोगों की जीवन शैली दौड़भाग वाली हो गई है। महानगरों में काम पर जाने के लिए उन्हें काफी दूरी तय करनी होती है। इसके अलावा, उन्हें ऑफिस और घर में भी कई तरह के तनाव का सामना करना पड़ता है। आज की व्यस्त जीवन शैली में हर व्यक्ति अकेला होता जा रहा है। वह अपनी फीलिंग्स को किसी के साथ शेयर नहीं कर पाता है। इससे तनाव बढ़ता जाता है, जो हाइपरटेंशन की वजह बन जाता है। 

महिलाएं भी हैं प्रभावित
इस समस्या से सिर्फ पुरुष ही नहीं, बल्कि महिलाएं भी प्रभावित हैं। आजकल ज्यादातर महिलाएं ऑफिसों में काम कर रही हैं। वहां उन्हें कई तरह के दबाव का सामना करना पड़ता है। टारगेट पूरा करने के टेंशन के अलावा, दूसरे तरह की समस्याएं भी उनके साथ होती हैं। उन्हें ऑफिस के कामकाज के साथ घरेलू जिम्मेदारी भी निभानी होती है। अगर बच्चे छोटे हों, तो उन्हें संभालना भी आसान नहीं होता। इन समस्यओं की वजह से औरतें भी हाइपरटेंशन की शिकार होने लगी हैं, जिसका बुरा असर उनके रिलेशनशिप पर पड़ता है।

समस्या के समाधान के लिए क्या करें
40 की उम्र के बाद पुरुष हो या महिला, उनके लिए रेग्युलर हेल्थ चेकअप कराना जरूरी है। इससे पता चल जाएगा कि उन्हें ब्लड प्रेशर की समस्या या दूसरी बीमारियां तो नहीं हो रही हैं। अगर स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या पकड़ में आती है, तो उसका समय से इलाज शुरू हो जाएगा और बीमारी ज्यादा नहीं बढ़ सकेगी। इसके अलावा, नियमित एक्सरसाइज और मॉर्निंग वॉक करना जरूरी है। खान-पान में विशेष सावधानी बरतना चाहिए। बाजार का या तला-भुना खाना नहीं खाना चाहिए। खाने में फल और प्रोटीनयुक्त चीजें ज्यादा लेनी चाहिए। सबसे बढ़ कर मन को सकारात्मक कामों की तरफ मोड़ना चाहिए और नेगेटिविटी से हर हाल में दूर रहना चाहिए। ऐसा करने पर समस्या का हल होगा और संबंधों में नई ताजगी भी आएगी।      

 


 

Share this article
click me!