
रिलेशनशिप डेस्क.वह कत्ल के गुनाह में 20 साल तक जेल की सजा काटकर अपने घर पहुंचा था। पर उसे क्या पता था कि जिसके साथ उसने सात फेरे लिए वही पत्नी अब किसी और की हो चुकी है। उसके अरमानों को खाक करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसी का सगा बड़ा भाई था। सच पता चलते ही पति का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वो बदले की आग में जलने लगा और एक दिन मौका देखकर उसने अपने ही भाई का काम तमाम कर दिया।
20 साल बाद दोबारा कातिल बना पति
दिल दहला देने वाली यह घटना उत्तर प्रदेश के बरेली की है। आरोपी का नाम है धर्मवीर जो भमोरा थाना क्षेत्र के दलीपुर गांव का रहने वाला है। हत्या के एक मामले में 20 साल तक जेल की सजा काटकर पांच महीने पहले ही धर्मवीर घर लौटा था। लेकिन जेल जाने से लेकर वापस घर आने तक उसकी दुनिया बदल चुकी थी। जब वह जेल गया था तब उसकी नई-नई शादी हुई थी। जेल में सजा काटते वक्त वह हर दिन अपनी पत्नी को याद करता रहा। घर लौटा तो पता चला कि उसकी पत्नी ने धर्मवीर के ही बड़े भाई का हाथ थाम लिया है।
कुल्हाड़ी से भाई के टुकड़े कर दिए
सच बहुत कड़वा था और धर्मवीर के लिए यह किसी सदमे से कम नहीं था। पत्नी से पूछने पर पता चला कि उसके जेल जाने के बाद कोई सहारा नहीं था। ऐसे में धर्मवीर के बड़े भाई ने काफी मदद की। इसलिए उसने जेठ के साथ ही रिश्ता जोड़ लिया। यह जानने के बाद धर्मवीर खून की घूंट पीकर रह गया। लेकिन बदले की आग उसके सीने में जलती रही। करीब पांच महीने तक धर्मवीर अपने ही घर में रहा। इस दौरान कई बार पत्नी और भाई के साथ उसका झगड़ा हुआ। एक दिन मामला इतना बढ़ा कि धर्मवीर ने कुल्हाड़ी उठाकर भाई पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमला इतना घातक था कि भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कत्ल के बाद अस्पताल पहुंच गया कातिल
इस वारदात के दौरान धर्मवीर भी बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस पति से छुटकारे के लिए उसके बड़े भाई का हाथ पकड़ा, वह भी अब इस दुनिया में नहीं रहा। पूरे घर में मातम पसरा है। लेकिन धर्मवीर को अपने किए का कोई पछतावा नहीं है। पुलिस इस मामले में आगे की पूछताछ के लिए उसके ठीक होकर अस्पताल से निकलने का इंतजार कर रही है।
रिश्ते का कातिल कौन, पति या पत्नी ?
समाज में अक्सर ऐसे वाकये देखने-सुनने को मिल जाते हैं। जिसमें पति की मौत के बाद पत्नी का हाथ घर का ही कोई सदस्य थाम लेता है। लेकिन यह मामला तो बिल्कुल उल्टा है। शायद ही कभी ऐसी घटना सामने आई हो जिसमें पति के जेल जाने पर पत्नी ने उसके भाई के साथ जिंदगी बसा ली हो। अब इसे पत्नी की मजबूरी कहिए या कातिल पति का पागलपन, लेकिन इस वारदात ने एक परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए स्वाहा कर दिया है।
और पढ़ें:
बेटी ने की लव मैरिज तो मां-बाप ने उठाया खौफनाक कदम, जानिए हॉरर किलिंग का सूटकेस कनेक्शन !
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.