
पटना: IPL में अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी से धूम मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार उनका इनाम मिल ही गया है। उन्हें टाटा की तरफ से एक चमचमाती टाटा कर्व कार तोहफे में मिली है। वैभव को 2025 IPL में 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' का अवॉर्ड मिला था, जिसके इनाम के तौर पर उन्हें यह कार दी गई है। इस कार की कीमत करीब 22 लाख रुपये है। दिल्ली में टाटा कर्व के टॉप वेरिएंट की ऑन-रोड कीमत 22 लाख रुपये से भी ज़्यादा है।
सिर्फ 14 साल के वैभव ने क्रिकेट की दुनिया में कई ऐसे रिकॉर्ड बना दिए हैं, जिसने सबको हैरान कर दिया है। वैभव IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में सेंचुरी जड़कर इतिहास रच दिया था। इस मामले में उन्होंने यूसुफ पठान (37 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ा था।
पिछले IPL सीजन में वैभव ने 206.56 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी की थी। इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने छठी बार खिताब अपने नाम किया था। वैभव को उस टूर्नामेंट का 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था। क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि अगर वैभव आने वाले IPL सीजन में भी अपना यही फॉर्म जारी रखते हैं, तो उन्हें भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने में ज़्यादा देर नहीं लगेगी।