IND vs PAK Final VIDEO: अंडर-19 एशिया कप फाइनल में आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराया। देखें जीत के बाद खिलाड़ियों के जबरदस्त जश्न का वीडियो।
India U19 Celebration Video: क्रिकेट मैदान पर इससे ज्यादा रोमांचक नजारा शायद ही पहले कभी देखने को मिला हो। शनिवार को अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में जब मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़ा, तो एक तरफ पाकिस्तानी खेमे में सन्नाटा पसर गया और दूसरी तरफ भारतीय डगआउट से खिलाड़ी खुशी से झूमकर होकर मैदान की ओर दौड़ पड़े। 338 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए एक वक्त भारत 252 रन पर 8 विकेट खो चुका था और हार लगभग तय दिख रही थी। लेकिन टीम इंडिया के युवा शेरों ने आखिरी सांस तक हार नहीं मानी और 1 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
अंडर-19 एशिया कप में जीत के जश्न के वीडियो में क्या है खास?
अंतिम ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रन चाहिए थे और आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत थी। जैसे ही मोहित उल्वा ने गेंद को बाउंड्री के पार भेजा, पूरे मैदान में 'इंडिया-इंडिया' का शोर गूंज उठा। चौका लगते ही ड्रेसिंग रूम में बैठे सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मैदान के बीचों-बीच दौड़ पड़े। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाया, हवा में उछले और तिरंगा लहराकर इस यादगार जीत का जश्न मनाया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि जीत की तैयारी कर चुके पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान पर ही सिर पकड़कर बैठ गए, उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि जीता हुआ मैच उनके हाथ से फिसल गया है।
U19 Asia Cup 2026 Final: भारतीय टीम के जश्न का वीडियो
अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान की 2 बड़ी गलतियां पड़ीं भारी
मैच की शुरुआत में आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने अर्धशतक लगाकर भारत को तेज शुरुआत दी थी, लेकिन मिडिल ओवर्स में जल्दी-जल्दी विकेट गिरने से पाकिस्तान हावी हो गया था। इसके बाद कहानी ऐसे बदली कि भारतीय टीम 9वीं बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली। 2 बड़ी गलतियों की वजह से पाकिस्तान के हाथ से मैच फिसल गया।
पाकिस्तान की हार की 2 बड़ी वजह?
मनाल और मोहित की काउंटर-अटैक पारी
252 पर 8 विकेट गिरने के बाद मनाल चौहान (47 रन) और मोहित उल्वा ने 58 रनों की तूफानी साझेदारी कर पाकिस्तान के होश उड़ा दिए। मनाल के आउट होने के बाद भी भारत को 29 रन चाहिए थे, लेकिन मोहित एक छोर पर डटे रहे और बाउंड्री लगाते रहे।
स्लो ओवर रेट और स्पिनर का दांव
मनाल और मोहित के हमले से पाकिस्तानी टीम पूरी तरह घबरा गई। तय समय से ओवर पीछे चलने के कारण पाकिस्तान को आखिरी 5 ओवरों में एक एक्स्ट्रा फील्डर घेरे के अंदर रखना पड़ा। इतना ही नहीं, दबाव में उन्हें आखिरी ओवर एक स्पिनर से करवाना पड़ा, जहां सिर्फ 8 रन बचाना नामुमकिन साबित हुआ।
U19 Asia Cup 2026: जीत के बाद क्या बोले कप्तान लक्ष्य रायचंदानी?
इस सांसें रोक देने वाले मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा, 'यह मैच भावनाओं के किसी रोलर-कोस्टर जैसा था। पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी, इसलिए हमें हमेशा भरोसा था कि हम लक्ष्य हासिल कर लेंगे। हमारी टीम में लगभग 11 बल्लेबाज खेल रहे थे, इसलिए निचले क्रम के प्रदर्शन से मुझे कोई हैरानी नहीं हुई। फैंस के प्यार और सपोर्ट के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया, ऐसे ही हमारा साथ देते रहें।'














