India U19 Asia Cup Titles: अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में अब तक 13 फाइनल हुए हैं, जिनमें भारत 9 बार चैंपियन बना है। जानिए पाकिस्तान कितनी बार ये ट्रॉफी जीत चुका है।
U19 Asia Cup Winners: अंडर-19 एशिया कप का मतलब ही टीम इंडिया की बादशाहत बन चुका है। 1989 में जब इस टूर्नामेंट की शुरुआत हुई थी, तब से लेकर 2026 तक एशियाई क्रिकेट में सिर्फ भारत का ही सिक्का चला है। ओमान के अल अमीरात में शनिवार को पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर भारत ने रिकॉर्ड 9वीं बार इस ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है। हैरानी की बात ये है कि अब तक खेले गए कुल 13 फाइनल मुकाबलों में भारत 9 बार चैंपियन बना है। जिसमें 2012 का संयुक्त खिताब भी शामिल है, जबकि चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान अपने दम पर सिर्फ 1 बार 2025 में ही ट्रॉफी जीत पाया है।
अंडर-19 एशिया कप किसने कब जीता?
भारत 9 बार बना चैंपियन
1989 (बांग्लादेश): भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 79 रन से हराकर पहला खिताब जीता।
2003 (पाकिस्तान): भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी।
2012 (मलेशिया): भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल टाई रहा, जिसके बाद दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।
2013-14 (UAE): भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 40 रन से हराकर ट्रॉफी जीती।
2016 (श्रीलंका): भारत ने श्रीलंका को 34 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
2018 (बांग्लादेश): भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 144 रन से रौंदकर जीत दर्ज की।
2019 (श्रीलंका): भारत ने रोमांचक फाइनल में बांग्लादेश को 5 रन से हराया।
2021 (UAE): भारत ने DLS नियम के तहत श्रीलंका को 9 विकेट से हराकर लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीती।
2026 (ओमान): भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर 9वीं बार खिताब जीता।
बांग्लादेश के 2 खिताब
2023 (UAE): बांग्लादेश ने फाइनल में मेजबान UAE को 195 रन से हराकर पहली बार ट्रॉफी जीती।
2024 (UAE): बांग्लादेश ने फाइनल में भारत को 59 रन से हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया।
पाकिस्तान सिर्फ एक बार बना चैंपियन
2025 (UAE): पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को 191 रन से हराकर पहली बार अकेले दम पर ट्रॉफी जीती। इससे पहले 2012 में संयुक्त विजेता रहा था।
अफगानिस्तान भी एक बार बना विजेता
2017 (मलेशिया): अफगानिस्तान ने फाइनल में पाकिस्तान को 185 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।














