भारत-पाकिस्तान अंडर-19 एशिया कप फाइनल में आर्यवीर सहवाग और उस्मान खान की बल्लेबाजी ने सबका ध्यान खींचा। उस्मान ने 107 रन ठोके, जबकि आर्यवीर ने 58 रन बनाए। तो आइए जानते हैं दोनों में कौन किस पर भारी।

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला रोमांचक हो गया है। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 337 रन बनाए। जवाब में भारत ने 45 ओवर के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 293 रन बनाए हैं। मानल चौहान और मोहित उल्वा क्रीज पर हैं। आर्यवीर सहवाग 58 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वहीं इस मुकाबले में पाकिस्तान के उस्मान खान ने 107 रन की शतकीय पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ उनके क्रिकेट करियर की भी चर्चा हो रही है।

उम्र में कौन बड़ा, कौन छोटा?

आर्यवीर सहवाग का जन्म अक्टूबर 2007 में हुआ था। वह पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बड़े बेटे हैं। नवंबर 2026 के हिसाब से उनकी उम्र 19 साल है। दूसरी ओर पाकिस्तान के उस्मान खान का जन्म 20 मार्च 2008 को हुआ था। उनकी उम्र 18 साल है। आर्यवीर उम्र में उस्मान से करीब पांच महीने बड़े हैं।

आर्यवीर के नाम 297 रन की बड़ी पारी

आर्यवीर ने जूनियर क्रिकेट में कई बड़ी पारियां खेली हैं। नवंबर 2024 में कूच बिहार ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ उन्होंने 309 गेंदों पर 297 रन बनाए थे। इसके अलावा वीनू मांकड़ ट्रॉफी में चंडीगढ़ के खिलाफ 173 रन ठोके। अंडर-19 एशिया कप में UAE के खिलाफ भी उन्होंने 168 गेंदों पर 160 रन की शानदार पारी खेली थी।

उस्मान ने UAE के खिलाफ बनाए थे 139 रन

पाकिस्तान के उस्मान खान भी बड़े स्कोर बनाने में पीछे नहीं हैं। उन्होंने अंडर-19 एशिया कप में UAE के खिलाफ 120 गेंदों पर नाबाद 139 रन बनाए थे। इस पारी में 21 चौके और एक छक्का शामिल था। इसके बाद भारत के खिलाफ फाइनल में 107 रन बनाकर उन्होंने अपनी टीम को 337 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

एजुकेशन के बारे में क्या जानकारी है?

बता दें कि आर्यवीर सहवाग ने झज्जर, हरियाणा स्थित वीरेंद्र सहवाग इंटरनेशनल स्कूल (Sehwag International School) में पढ़ाई की है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है। वहीं उस्मान की स्कूली पढ़ाई या कॉलेज की डिग्री को लेकर अभी ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। इसलिए उनकी एजुकेशन के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है।

किसका प्रदर्शन ज्यादा दमदार?

रिकॉर्ड देखें तो आर्यवीर के नाम 297 और 173 रन जैसी बड़ी पारियां हैं। वहीं उस्मान ने मौजूदा एशिया कप में UAE के खिलाफ 139 और भारत के खिलाफ फाइनल में 107 रन बनाए। फाइनल में उस्मान ने शतक लगाया, जबकि आर्यवीर ने 58 रन का योगदान दिया। दोनों की अपनी अलग ताकत है। अब देखना होगा कि भारत इस बड़े लक्ष्य को हासिल कर पाता है या नहीं।