
Aaj Kiska Match Hai IPL 2026: आईपीएल के 33वें मुकाबले में आज गुरुवार 23 अप्रैल को दो चिर-प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच में मुंबई इंडियंस का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। रोहित शर्मा और एमएस धोनी पहली बार 1 अक्टूबर 2006 को आमने-सामने आए थे। यह मुकाबला चेन्नई में 50 ओवर की चैलेंजर ट्रॉफी के दौरान खेला गया था, जहां रोहित इंडिया रेड और धोनी इंडिया ब्लू के लिए खेले थे।
करीब 20 साल बाद, गुरुवार को एक बार फिर दोनों दिग्गज एक ही मैदान पर नजर आ सकते हैं। MI के लिए रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पिछले दो मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब उनके फिट होकर वापसी करने की संभावना है। वहीं CSK के ट्रेनिंग सेशन को देखकर लग रहा है कि धोनी IPL 2026 का अपना पहला मैच खेल सकते हैं। उन्होंने बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग की भी प्रैक्टिस की, जो संकेत देता है कि वह पूरी तरह तैयार हैं।
भले ही रोहित और धोनी अब भी अपनी टीमों के प्रमुख चेहरे हैं, लेकिन IPL 2026 में MI और CSK दोनों टीमें अब तक 6-6 मैच खेलकर सिर्फ 2-2 जीत ही हासिल कर पाई हैं। यानी दोनों टीमें पॉइंट्स टेबल में 7वें और 8वें नंबर पर हैं।
CSK के लिए इस सीजन में सबसे बड़ी समस्या चोटें रही हैं। उनके टॉप स्कोरर आयुष म्हात्रे (201 रन, स्ट्राइक रेट 177.87) चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। टीम ने अब तक 18 खिलाड़ियों को आजमाया है और गुरुवार को एमएस धोनी के रूप में 19वां खिलाड़ी मैदान में उतर सकता है।
MI ने इस सीजन में अब तक 20 खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो किसी भी टीम से ज्यादा है। यह बदलाव खिलाड़ियों की फिटनेस और खराब फॉर्म दोनों वजहों से हुए हैं। हालांकि, टीम अब धीरे-धीरे सही कॉम्बिनेशन ढूंढती नजर आ रही है। नमन धीर को ऊपर बल्लेबाजी के लिए भेजने से टीम के मिडिल ऑर्डर की स्पिन के खिलाफ कमजोरी कम हुई है। इससे तिलक वर्मा को भी खुलकर खेलने का मौका मिला है, खासकर तेज गेंदबाजों के खिलाफ। इसके अलावा विल जैक्स टीम में शामिल हो चुके हैं और इस मैच में खेलने के लिए उपलब्ध हैं। रोहित शर्मा की वापसी भी टीम को और मजबूत बना सकती है।
MI की गेंदबाजी में भी सुधार देखने को मिला है। नए कॉम्बिनेशन में घरेलू तेज गेंदबाजों के साथ मिचेल सेंटनर और गजनफर जैसे स्पिनर शामिल हैं। इस कॉम्बिनेशन ने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस (GT) को सिर्फ 100 रन पर ऑलआउट कर दिया था। साथ ही जसप्रीत बुमराह भी अब विकेट न मिलने का लंबा सूखा खत्म कर चुके हैं।
रोहित शर्मा/दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक (wk), सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स/शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, AM ग़ज़नफ़र/विल जैक्स, कृष्ण भगत, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार।
संजू सैमसन (wk), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट/एमएस धोनी, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी/मैट हेनरी/अकील हुसैन, गुरजपनीत सिंह।