
Aryaveer Sehwag Century: ओमान में खेले जा रहे U19 एशिया कप 2026 के ग्रुप A मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ शानदार शतक जड़ दिया है। भारत के दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने मुश्किल पिच पर बेहद संयम और समझदारी के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने एक सिंगल रन लेकर 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनकी इस पारी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले UAE के कप्तान अयान मिस्बाह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
इससे पहले आर्यवीर सहवाग ने 69 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। शुरुआत से ही वह क्रीज पर काफी धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते नजर आए। पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, लेकिन आर्यवीर ने परिस्थितियों को समझते हुए अपनी पारी को आगे बढ़ाया। उनके कुल रनों में से 64 रन बाउंड्री के जरिए आए हैं। फिलहाल सहवाग 153 गेंदों में 138 रन बनाकर खेल रहे हैं। अपनी पारी में उन्होंने 16 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए।
बता दें कि भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट से मिली हार के बाद टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए UAE के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करनी जरूरी है। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अब भारत और UAE के बीच होने वाले इस मुकाबले से चौथी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला होगा।