जूनियर सहवाग और द्रविड़ की टीम इंडिया में एंट्री, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ U-19 सीरीज में दिखेगा जलवा

Published : Aug 27, 2026, 01:12 PM ISTUpdated : Aug 27, 2026, 01:13 PM IST
India U19 vs Australia U19

सार

India U19 vs Australia U19: आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की U-19 वनडे टीम में जगह मिली है। जानिए दोनों युवा खिलाड़ियों के बारे में और भारत-ऑस्ट्रेलिया U-19 सीरीज का पूरा शेड्यूल।

India Australia U19 Series 2026: भारतीय क्रिकेट में जब भी दिग्गज खिलाड़ियों का नाम लिया जाता है, तो वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ का नाम जरूर आता है। दोनों ने अपने-अपने दौर में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। अब इन दोनों दिग्गजों की अगली पीढ़ी भी क्रिकेट के मैदान पर अपना नाम बनाने के लिए तैयार है। जी हां, वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भारत की अंडर-19 टीम में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों का सिलेक्शन ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए किया गया है। BCCI ने 27 अगस्त 2026 को भारत की U-19 टीम का ऐलान किया।

सहवाग और द्रविड़ के बेटों को मिली भारतीय U-19 टीम में जगह

ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम सितंबर 2026 में भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। BCCI ने दोनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग भारतीय टीमों का सिलेक्शन किया है। सबसे ज्यादा चर्चा वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ की हो रही है। दोनों को वनडे टीम में जगह मिली है। हालांकि, दोनों खिलाड़ी मल्टी-डे टीम का हिस्सा नहीं हैं। वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है, जबकि यशबर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। वहीं, मल्टी-डे टीम में यशबर्धन चौहान कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।

भारत अंडर-19 वनडे स्क्वॉड

लक्ष्‍य रायचंदानी (C), यशबर्धन चौहान (VC), रजत बघेल (WK), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (WK), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकटा और काव्या पटेल।

सहवाग के बेटे आर्यवीर को पहली बार मिला भारत U-19 टीम में मौका

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए चर्चा में रहे हैं। आर्यवीर फिलहाल दिल्ली प्रीमियर लीग में भी खेल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुर्खियां बटोरी थीं। उनके बल्लेबाजी अंदाज में कई बार उनके पिता वीरेंद्र सहवाग की आक्रामक अंदाज की झलक देखने को मिलती है। 18 वर्षीय आर्यवीर के लिए यह सिलेक्शन बेहद खास है, क्योंकि यह उनका पहला भारत U-19 कॉल-अप है। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।

अन्वय द्रविड़ पहले भी खेल चुके हैं U-19 मैच

वहीं, राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ पहले भी भारत की अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वह विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और उनकी बल्लेबाजी में भी अपने पिता राहुल द्रविड़ की तकनीकी मजबूती की झलक देखने को मिलती है। अन्वय ने हाल ही में श्रीलंका दौरे पर भारत U-19 टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने दो यूथ वनडे मुकाबलों में 14 और 87 रन की पारियां खेलीं। इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए टीम में बरकरार रखा गया है।

और पढे़ं- कौन हैं अनाया बांगर? सरफराज के साथ खेल चुकीं, अब WBBL में दिखाएंगी दम

कब और कहां खेलेंगे आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़?

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर-19 वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे।

18 सितंबर 2026: पहला वनडे- राजकोट

21 सितंबर 2026: दूसरा वनडे- राजकोट

23 सितंबर 2026: तीसरा वनडे- राजकोट

इसके बाद दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मल्टी-डे मैच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में और दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में होगा। आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ इन दोनों मल्टी-डे मुकाबलों की टीम में शामिल नहीं हैं। दोनों खिलाड़ी सिर्फ तीन मैचों की वनडे टीम का हिस्सा हैं।

भविष्य के सितारे बनने का बड़ा मौका

ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलना इन युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा। आर्यवीर सहवाग के लिए यह पहला भारत U-19 कॉल-अप है, जबकि अन्वय द्रविड़ पहले ही इस स्तर पर अपनी क्षमता दिखा चुके हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्रिकेट के दो महान सितारों के बेटे मैदान पर किस तरह का प्रदर्शन करते हैं। सहवाग और द्रविड़ की विरासत के साथ इन दोनों युवा खिलाड़ियों पर निश्चित तौर पर क्रिकेट फैंस की नजरें रहेंगी।

U-19 वनडे टीम को लेकर पूछे जाने वाले सवाल

1. आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ को किस टीम में चुना गया है?

दोनों को भारत की U-19 वनडे टीम में चुना गया है।

2. भारत और ऑस्ट्रेलिया U-19 के वनडे मैच कब होंगे?

तीनों वनडे 18, 21 और 23 सितंबर 2026 को राजकोट में खेले जाएंगे।

3. क्या आर्यवीर और अन्वय मल्टी-डे टीम में भी हैं?

नहीं, दोनों का सिलेक्शन सिर्फ तीन मैचों की वनडे टीम के लिए हुआ है।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

कौन हैं अनाया बांगर? सरफराज के साथ खेल चुकीं, अब WBBL में दिखाएंगी दम
IND vs SL 2nd Test Day 5: भारत-श्रीलंका मैच में बारिश ने डाला खलल तो क्या होगा रिजल्ट?