
India Women Squad For Asian Games 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरेगी। पिछले एशियन गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई, जिसके बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर सवाल उठने लगे थे। कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना था कि अब टीम को नया कप्तान मिल सकता है। हालांकि, बीसीसीआई की सिलेक्शन कमेटी ने हरमनप्रीत कौर पर एक बार फिर भरोसा जताया और उन्हें एशियन गेम्स 2026 के लिए कप्तान बनाया गया। इससे साफ है कि बोर्ड अभी भी उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को टीम के लिए बेहद अहम मानता है।
और पढे़ं- Harmanpreet Kaur: हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, मिताली राज को छोड़ दिया पीछे
बीसीसीआई ने एशियन गेम्स के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन किया है। टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा बैलेंस देखने को मिलता है। टीम में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और नंदिनी शर्मा को जगह मिली है। ऑलराउंडर श्रेयांका पाटिल को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, उनका चयन फिटनेस पर निर्भर करेगा क्योंकि वह टखने की चोट के कारण महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 नहीं खेल पाई थीं।
भारत की महिला टीम इस बार लगातार दूसरा एशियन गेम्स गोल्ड जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम के पास अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा प्रतिभाएं भी हैं, जो भारत की दावेदारी को और मजबूत बनाती हैं। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम एक बार फिर इतिहास रचते हुए एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल अपने नाम कर पाएगी।
हरमनप्रीत कौर (कप्तान)
स्मृति मंधाना (उपकप्तान)
शेफाली वर्मा
जेमिमा रोड्रिग्स
दीप्ति शर्मा
ऋचा घोष (विकेटकीपर)
जी. कमलिनी (विकेटकीपर)
भारती फुलमाली
श्री चरणी
रेणुका ठाकुर
क्रांति गौड़
अरुंधति रेड्डी
श्रेयांका पाटिल* (फिटनेस पर)
राधा यादव
नंदिनी शर्मा
1. एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टीम की कप्तान कौन हैं?
हरमनप्रीत कौर को भारतीय महिला टीम की कप्तान बनाया गया है।
2. एशियन गेम्स 2026 कब और कहां होंगे?
एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में आयोजित होंगे।
3. भारतीय महिला टीम की उपकप्तान कौन हैं?
स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को टीम का उपकप्तान बनाया गया है।