IND A vs SL A: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत ए को 8 विकेट से हार मिली। 317 रन बनाने के बावजूद श्रीलंका ने 42वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। वैभव और अभिषेक की पारियां बेकार गईं।

IND A vs SL A Semifinal: क्रिकेट में 317 रन बनाने के बाद भी अगर कोई टीम 8 विकेट से हार जाए, तो सवाल बल्लेबाजों से ज्यादा गेंदबाजों पर उठते हैं। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। वैभव सूर्यवंशी की तूफानी शुरुआत, अभिषेक शर्मा के 78 रन और कप्तान तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी भी भारत को फाइनल में नहीं पहुंचा सकी। श्रीलंका ए ने 318 रनों का विशाल लक्ष्य महज 42वें ओवर में हासिल कर भारतीय टीम का खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों में मचाया धमाल

दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। दोनों ने सिर्फ 48 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए। वैभव ने 27 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 40 रन बनाए। हालांकि, वह अपनी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके।

यह भी पढ़ें: IND vs SL : कौन हैं शाहबाज अहमद जिनकी बल्लेबाजी से लंकाई खेमे में मची दहशत

अभिषेक शर्मा ने ठोके 78 रन, तिलक ने भी जड़ा अर्धशतक

वैभव के आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा ने कप्तान तिलक वर्मा के साथ मोर्चा संभाला। अभिषेक ने 63 गेंदों में 78 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 66 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली। एक समय भारत का स्कोर 235 रन पर 6 विकेट हो गया था। इसके बाद शाहबाज अहमद ने नाबाद 54 रन और तनुष कोटियान ने 28 रन बनाकर टीम को 317/8 तक पहुंचाया।

श्रीलंका के दो बल्लेबाजों ने अकेले पलट दिया मैच

318 रनों का लक्ष्य मुश्किल जरूर था, लेकिन श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों ने इसे आसान बना दिया। लसिथ क्रूसपुले ने 107 गेंदों में 116 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरे ओपनर सिनेथ जयावर्देना ने सिर्फ 70 गेंदों में 105 रन ठोक दिए। उन्होंने 10 चौके और 6 छक्के लगाए। दोनों की शतकीय पारियों ने भारत को मुकाबले में वापसी करने का मौका ही नहीं दिया।

हर्षित राणा समेत भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई

भारतीय गेंदबाज इस मुकाबले में बेअसर नजर आए। हर्षित राणा ने 7 ओवर में 61 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि शाहबाज अहमद ने 10 ओवर में 60 रन खर्च कर एक सफलता हासिल की। हर्ष दुबे ने 10 ओवर में 56 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। तनुष कोटियान और अरशद खान भी विकेट लेने में नाकाम रहे।

फाइनल से पहले खत्म हुआ भारत का सफर

श्रीलंका ए ने सिर्फ 2 विकेट खोकर 318 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से जीत दर्ज की। निशान मदुष्का ने नाबाद 58 और कप्तान पवन रत्नायके ने नाबाद 31 रन बनाए। इस जीत के साथ श्रीलंका ए फाइनल में पहुंच गई, जहां उसका सामना पाकिस्तान ए और बांग्लादेश ए के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। फाइनल 29 नवंबर को खेला जाना है।

यह भी पढ़ें: IND vs NZ Pitch Report: क्राइस्टचर्च में गेंदबाज मचाएंगे कहर या बल्लेबाजों की होगी चांदी? जानें पिच का मिजाज