
India vs Sri Lanka Women: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। भारत ने फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले भारतीय टीम ने 2023 एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। 22 सितंबर, आज जापान के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भारत की पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने धमाकेदार अंदाज में की। स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं, शेफाली वर्मा ने 48 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। इसके बाद ऋचा घोष ने भी तेजी से रन बनाए और 49 रनों की नाबाद पारी खेली। इन शानदार पारियों की बदौलत भारतीय टीम 20 ओवर में 216 रन तक पहुंचने में सफल रही। यह एशियन गेम्स के महिला क्रिकेट में भारत का बेहद बड़ा स्कोर रहा।
217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टीम की शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 69 रन पर सिमट गई। कप्तान चमारी अटापट्टू ने 29 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। इस तरह भारत ने 147 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
और पढे़ं- ऑटो ड्राइवर की बेटी ने तुर्की में जीता गोल्ड, जानिए कौन हैं पहलवान हिमानी हिरानी
भारत की ओर से गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 3 विकेट चटकाए और एक मेडन ओवर भी डाला। उनके अलावा शेफाली वर्मा और श्री चरणी ने भी 2-2 विकेट हासिल किए। भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और भारत ने फाइनल में एकतरफा जीत दर्ज की।
भारतीय महिला टीम ने महज 9 दिन के अंदर श्रीलंका को दूसरी बार हराया है। इससे पहले 13 सितंबर को भारत ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार खिताब जीता था। अब 9 दिन बाद एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने आईं और इस बार दांव पर एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल था। भारत ने श्रीलंका को 147 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीत लिया।
1. एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टीम ने किसे हराकर गोल्ड जीता?
भारतीय महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता।
2. भारत ने श्रीलंका को कितने रनों से हराया?
भारत ने श्रीलंका को 147 रनों से हराया।
3. भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन किसने बनाए?
स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रनों की शानदार पारी खेली।