Babar Azam: T20 में बाबर आजम ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड जो दुनिया का कोई क्रिकेटर नहीं बनाना चाहेगा!

Published : Feb 25, 2026, 11:23 AM IST
Babar Azam: T20 में बाबर आजम ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड जो दुनिया का कोई क्रिकेटर नहीं बनाना चाहेगा!

सार

T20 वर्ल्ड कप में बाबर आजम 500+ रन बनाने वालों में सबसे कम स्ट्राइक रेट (111.5) वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सुपर-8 मैच में हैरी ब्रूक के शतक से इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया और सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी।

पल्लेकेले: पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने टी20 वर्ल्ड कप में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे कोई भी खिलाड़ी नहीं बनाना चाहेगा। अब वो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे कम स्ट्राइक रेट वाले प्लेयर बन गए हैं। मंगलवार को पल्लेकेले में इंग्लैंड के खिलाफ सुपर 8 मैच में उनकी धीमी पारी इस शर्मनाक रिकॉर्ड की वजह बनी।

इंग्लैंड के खिलाफ इस अहम सुपर 8 मैच में बाबर आजम 24 गेंदों पर सिर्फ 25 रन ही बना सके। उन्हें जेमी ओवरटन ने बोल्ड किया। उनकी इस पारी में सिर्फ दो चौके शामिल थे। इस वर्ल्ड कप के 6 मैचों में बाबर अब तक सिर्फ 91 रन ही बना पाए हैं।

T20 वर्ल्ड कप में 500 रन बनाने वालों में सबसे धीमे

टी20 वर्ल्ड कप में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में बाबर का स्ट्राइक रेट सिर्फ 111.5 है। इस मामले में वो अब सबसे नीचे हैं। इससे पहले यह खराब रिकॉर्ड पाकिस्तान के ही पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद हफीज के नाम था, जिनका स्ट्राइक रेट 111.8 था। बाबर ने अब उन्हें भी पीछे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, कुमार संगकारा (112.2), केन विलियमसन (112.5) और मोहम्मद रिजवान (113.0) भी इस मामले में बाबर से बेहतर हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ मैच में जब कप्तान सलमान आगा पावरप्ले में आउट हुए, तब बाबर क्रीज पर आए थे। उन्होंने जोफ्रा आर्चर के पांचवें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर चौके लगाकर अच्छी शुरुआत की थी। तब 6 गेंदों पर उनके 10 रन हो गए थे और लग रहा था कि वो बड़ी पारी खेलेंगे। लेकिन इसके बाद वो एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाए। आखिर में, 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर जेमी ओवरटन ने उन्हें बोल्ड कर दिया। उस वक्त उनका स्कोर 24 गेंदों पर 25 रन था।

बैटिंग ऑर्डर में बदलाव पड़ा भारी?

पहले ओपनिंग करने वाले बाबर इस वर्ल्ड कप में चौथे और पांचवें नंबर पर बैटिंग कर रहे हैं। माना जा रहा है कि बैटिंग ऑर्डर में इस बदलाव का असर उनके प्रदर्शन पर पड़ा है। अपने टी20 करियर में 135 पारियों में 4571 रन बनाने वाले बाबर का ओवरऑल स्ट्राइक रेट 128.18 का है, लेकिन वर्ल्ड कप में यह गिरकर 111.5 पर आ गया है, जो पाकिस्तान टीम के लिए चिंता की बात है।

इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचा

पल्लेकेले: हैरी ब्रूक के शानदार शतक की बदौलत इंग्लैंड 2026 आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। पाकिस्तान के खिलाफ मंगलवार को हुए सुपर-8 मैच में इंग्लैंड ने 2 विकेट से रोमांचक जीत हासिल की।

पाकिस्तान का पहला मैच बारिश की वजह से धुल गया था। अब इस हार के बाद पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। मैच में पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट खोकर 164 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 63 रनों की पारी खेली।

इस टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने एक समय 58 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे और टीम मुश्किल में थी। लेकिन कप्तान ब्रूक ने 50 गेंदों में शतक जड़कर टीम को संभाला। उन्होंने 51 गेंदों पर 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 100 रन बनाए और आउट हो गए। विल जैक्स के 28 रनों ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में मैच जीत लिया।

स्कोर: पाकिस्तान 20 ओवर में 164/9 (फरहान 63, डॉसन 3-24, आर्चर 2-32), इंग्लैंड 19.1 ओवर में 166/8 (ब्रूक 100, जैक्स 28, अफरीदी 4-30)

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

Rinku Singh News: 'करो या मरो' मैच से पहले टीम को बड़ा झटका, -3.800 NRR ने बढ़ाई टेंशन!
T20 World Cup Semifinal: सुपर 8 में बड़ा उलटफेर, अब पाकिस्तान की किस्मत दूसरों के हाथ