
DC vs RCB Match Preview: IPL 2026 में आज शाम एक ऐसा मुकाबला होने जा रहा है, जो दिल्ली कैपिटल्स की किस्मत तय कर सकता है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जब शाम 7:30 बजे अक्षर पटेल की पलटन और रजत पाटीदार की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी, तो मैदान पर सिर्फ चौके-छक्के नहीं, बल्कि प्लेऑफ की जंग भी देखने को मिलेगी। दिल्ली के लिए यह मैच 'करो या मरो' जैसा है। आइए जानते हैं कि इस मैच में किसका पलड़ा भारी है और दिल्ली की वो कौन-सी दुखती रग है, जिसका फायदा बेंगलुरु उठा सकती है।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ इस सीजन में एक अजीब कहानी चल रही है। टीम के पास केएल राहुल, नीतीश राणा और डेविड मिलर जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं, जो पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर देते हैं। पिछले मैच में दिल्ली ने 264 रन बनाए थे, फिर भी पंजाब से हार गई। टीम की सबसे बड़ी कमजोरी उसके गेंदबाज हैं। दिल्ली के गेंदबाज डेथ ओवर्स में जमकर रन लुटा रहे हैं। जब तक गेंदबाजी में सुधार नहीं होता, बड़े से बड़ा स्कोर भी सेफ नहीं है। दिल्ली के लिए उम्मीद की किरण ये है कि उसने इस सीजन के पहले मैच में बेंगलुरु को उनके घर (चिन्नास्वामी) में हराया था, जिससे टीम का कॉन्फिडेंस बढ़ा हुआ होगा।
डिफेंडिंग चैंपियन RCB इस समय पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। टीम पूरी तरह बैलेंस नजर आ रही है। विराट कोहली फुल फॉर्म में हैं। इस सीजन अब तक 328 रनों के साथ ऑरेंज कैप की रेस में टॉप बल्लेबाजों में हैं। भुवनेश्वर कुमार ने धारदार गेंदबाजी से अब तक 11 विकेट चटकाए हैं और जोश हेजलवुड के साथ मिलकर वे किसी भी बैटिंग लाइनअप को ध्वस्त करने का दम रखते हैं।
अरुण जेटली स्टेडियम (कोटला) की पिच हमेशा से बल्लेबाजों की स्वर्ग रही है। यहां की बाउंड्री छोटी है (करीब 60-66 मीटर), जिसका मतलब है कि आज रनों की बारिश हो सकती है। खास बात ये है कि इस मैदान पर अब तक 99 आईपीएल मैच हुए हैं। रिकॉर्ड कहता है कि यहाँ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना (चेज करना) थोड़ा फायदेमंद रहता है। अब तक 50 बार बाद में बैटिंग करने वाली टीम जीती है।
आज के मैच में इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका बहुत अहम होगी। दिल्ली की नजरें विप्रज निगम पर होंगी, जो गेंदबाजी में धार दे सकें। वहीं बेंगलुरु के पास जैकब बेथेल के रूप में अच्छा विकल्प है। दिल्ली में गर्मी भी 42 डिग्री के पार जा रही है, ऐसे में खिलाड़ियों की फिटनेस और सही समय पर सही इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल मैच का रुख बदल सकता है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रसिख सलाम। इम्पैक्ट प्लेयर- जैकब बेथेल
दिल्ली कैपिटल्स
केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, समीर रिजवी, नीतीश राणा, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), लुंगी एनगिडी, टी नटराजन, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव। इम्पैक्ट प्लेयर- विप्रज निगम