
India vs Australia ODI 2025: कल से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच मुकाबले कांटेदार होते हैं। फील्ड पर बल्ले और गेंद के बीच जबरदस्त कांटेस्ट देखने को मिलता है। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच एक से बढ़कर एक धांसू रिकॉर्ड बनाए गए हैं। इसी बीच आज हम आपको टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
लिस्ट में पहले नंबर पर टीम इंडिया पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का नाम आता है। उन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। सचिन ने 1991 से लेकर 2012 तक 71 मैचों की 70 पारियों में 44.59 की औसत से 3077 रन बनाए हैं। इस दौरान 9 शतक और 15 अर्धशतक उनके बल्ले से निकले हैं। वहीं, उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 175 रहा है।
सूची में दूसरे नंबर पर वनडे के मॉडर्न मास्टर किंग विराट कोहली का नाम शुमार है, जिन्होंने भारत और ऑस्ट्रेलिया सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। विराट ने 50 मैचों की 48 इनिंग्स में 54.46 की औसत से 2451 रन बनाए हैं। विराट कोहली के बल्ले से इस दौरान 8 शतक निकले हैं, जबकि 15 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 123 रन है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर आते हैं। हिटमैन 2007 से लेकर 2025 तक कुल 46 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 46 इनिंग्स में 57.30 की औसत और 96.01 की स्ट्राइक रेट रेट से 2407 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से भी 8 शतक और 9 अर्धशतक जड़े हैं। रोहित का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 209 रन रहा है।
और पढ़ें- 19 अक्टूबर को रोहित शर्मा रचेंगे इतिहास, बनेंगे ऐसा करने वाले 5वें भारतीय
इस क्रम में चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर रिकी पोंटिंग ने अपना नाम दर्ज कर रखा है। 1995 से लेकर 2012 तक पोंटिंग ने कुल 59 वनडे खेले हैं। इस दौरान 59 पारियों में 40.07 की औसत और 81.41 की स्ट्राइक रेट से 2164 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 9 अर्धशतक भी निकले हैं। पोंटिंग का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 140* रहा है।
सूची में नंबर पांच पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान व विश्व कप विजेता एमएस धोनी का नाम है। धोनी ने 2006 से 2019 तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 55 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान 48 इनिंग्स में 44.68 की औसत और 80.89 की स्ट्राइक रेट से 1660 रन बनाए हैं। माही के बल्ले से 2 सेंचुरी और 11 हाफ सेंचुरी निकली है और उनका हाइएस्ट व्यक्तिगत स्कोर 139* रहा है।
और पढ़ें- IND vs AUS ODI Timing: भारत-ऑस्ट्रेलिया का पहला ODI मैच कितने बजे से शुरू होगा?