IND vs BAN Series: आखिर क्यों नहीं हो रही भारत बांग्लादेश क्रिकेट सीरीज? जानिए पूरा मामला

Published : Aug 21, 2026, 09:11 AM IST
India Bangladesh Cricket News

सार

IND vs BAN Series: भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित क्रिकेट सीरीज पर एक बार फिर संकट के बादल हैं। 3 सितंबर से सीरीज शुरू होने की चर्चा थी, लेकिन तारीखों को लेकर दोनों बोर्ड के बीच बातचीत जारी है। जानिए आखिर क्यों अटका है भारत का बांग्लादेश दौरा।

India Tour of Bangladesh: भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से क्रिकेट सीरीज नहीं हो पाई है। उम्मीद थी कि दोनों देशों के बीच खराब हुए रिश्तों को सुधारने की शुरुआत क्रिकेट के मैदान से होगी, लेकिन फिलहाल ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल के ताजा बयान ने एक बार फिर भारत-बांग्लादेश सीरीज को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

3 सितंबर से शुरू होनी थी सीरीज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत और बांग्लादेश के बीच 3 सितंबर से वनडे सीरीज शुरू होने की चर्चा थी। इसी बीच तमीम इकबाल ने ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंडर-एज खिलाड़ियों के लिए गेम डेवलपमेंट ट्रॉफी का ऐलान कर दिया। इस टूर्नामेंट के मुकाबले 28 अगस्त से 9 सितंबर तक मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जाने हैं। ऐसे में इसका कार्यक्रम भारत-बांग्लादेश सीरीज की संभावित तारीखों से टकरा रहा है।

सीरीज को लेकर क्या बोले तमीम इकबाल?

जब तमीम इकबाल से पूछा गया कि क्या टूर्नामेंट के कार्यक्रम का मतलब यह है कि भारत बांग्लादेश दौरे पर नहीं आ रहा, तो उन्होंने कहा कि दोनों क्रिकेट बोर्ड अभी सीरीज को लेकर बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अगर भारत के साथ सीरीज की तारीखें तय होती हैं, तो गेम डेवलपमेंट ट्रॉफी को दूसरे मैदान पर शिफ्ट किया जा सकता है। इससे साफ है कि सीरीज को फिलहाल पूरी तरह रद्द नहीं माना जा सकता, लेकिन दौरे की तारीखों को लेकर अभी भी असमंजस बना हुआ है।

और पढे़ं- क्रिकेटर नहीं बने तो क्या? क्रिकेट इंडस्ट्री की 10 नौकरियां दिलाएंगी लाखों की सैलरी

पिछले साल भी टल गया था भारत का बांग्लादेश दौरा

भारतीय टीम को पिछले साल अगस्त में बांग्लादेश का दौरा करना था। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव बढ़ गया था, जिसके चलते सीरीज आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद बांग्लादेश में नई सरकार बनने और तमीम इकबाल के बीसीबी अध्यक्ष बनने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की उम्मीद जगी थी। जनवरी में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैचों का कार्यक्रम भी घोषित किया था। मुकाबले ढाका और चटगांव में खेले जाने थे। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

क्यों बढ़ा भारत-बांग्लादेश क्रिकेट में तनाव?

दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों में तनाव के पीछे राजनीतिक और क्रिकेट से जुड़े कई घटनाक्रम रहे हैं। बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर किए जाने के बाद भी दोनों देशों के बीच विवाद बढ़ा था। इसके बाद बांग्लादेश ने भारत की सह-मेजबानी में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप में अपनी टीम भेजने को लेकर भी आपत्ति जताई थी। हालांकि, तमीम इकबाल के हालिया भारत दौरे और बेंगलुरु स्थित क्रिकेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के दौरे से दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों में सुधार की उम्मीद जरूर जगी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित सीरीज की तारीखें तय होंगी या यह दौरा एक बार फिर टल जाएगा? दोनों क्रिकेट बोर्ड की बातचीत के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

भारत-बांग्लादेश सीरीज को लेकर पूछे जाने वाले सवाल

1. भारत-बांग्लादेश सीरीज कब शुरू होनी थी?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीरीज की शुरुआत 3 सितंबर से होने की चर्चा थी।

2. भारत-बांग्लादेश सीरीज क्यों अटकी हुई है?

दोनों देशों के बीच क्रिकेट और राजनीतिक परिस्थितियों के कारण दौरे को लेकर असमंजस बना हुआ है। तारीखों पर दोनों बोर्ड बातचीत कर रहे हैं।

3. क्या भारत का बांग्लादेश दौरा पूरी तरह रद्द हो गया है?

अभी इसे पूरी तरह रद्द नहीं माना जा सकता। तमीम इकबाल के मुताबिक, दोनों बोर्ड सीरीज को लेकर बातचीत कर रहे हैं।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

IND vs PAK Final Live Telecast: भारत-पाक मैच देखने के लिए Sony LIV का कौन सा प्लान लें? देखें पूरी लिस्ट
भारत पाकिस्तान एशियन गेम्स फाइनल में हैंडशेक होगा या नहीं? मैच से पहले बड़ा सवाल