
IND vs ENG 4th T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज़ अब बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। लगातार हार के बाद टीम इंडिया के लिए चौथा मुकाबला बेहद अहम हो गया है। अगर भारत यह मैच हारता है तो सीरीज़ उसके हाथ से निकल जाएगी। वहीं इंग्लैंड इस मुकाबले को जीतकर अपनी बढ़त और मजबूत करना चाहेगा। बता दें कि भारतीय समयानुसार टॉस रात साढ़े 9 बजे होगा। वहीं, मैच की शुरुआत 10 बजे से होगी।
डरहम में बारिश के कारण रद्द हुए मैच को छोड़ दें तो भारत ने 2021 के बाद पहली बार लगातार तीन पूरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले गंवाए हैं। इससे पहले 2021 में श्रीलंका दौरे और फिर टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मुकाबलों में भारत को लगातार हार मिली थी। आयरलैंड में मिली हार के पीछे हालात और रणनीति को एक कारण माना गया, लेकिन इंग्लैंड की अच्छी बल्लेबाजी पिचों पर टीम इंडिया से IPL जैसी आक्रामक क्रिकेट की उम्मीद की जा रही थी, जो अब तक देखने को नहीं मिली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम मैनेजमेंट भविष्य को ध्यान में रखते हुए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 2028 के लिए एक नई टी20 टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। इसी वजह से टीम में लगातार प्रयोग भी देखने को मिल रहे हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे संजू सैमसन को लगातार तीन कम स्कोर के बाद प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा। हालांकि, टी20 क्रिकेट को अनिश्चितताओं का खेल माना जाता है, लेकिन आयरलैंड में लगातार 12 सीरीज जीतने का सिलसिला टूटने के बाद अब नॉटिंघम में हार भारत के लिए सीरीज़ गंवाने का कारण बन सकती है, जबकि अभी दो मुकाबले बाकी हैं।
मैनचेस्टर में मिली जीत के बाद इंग्लैंड का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है। टीम अब ट्रेंट ब्रिज में भी जीत दर्ज कर सीरीज़ पर अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहेगी। हाल के दिनों में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) को घरेलू टेस्ट सीरीज़ में निराशा और कप्तानी से जुड़े बदलावों जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अच्छी शुरुआत उनके लिए राहत लेकर आई है। जैकब बेथेल का शानदार प्रदर्शन इंग्लैंड के लिए सकारात्मक संकेत रहा है। टीम चाहेगी कि यह लय आगे भी जारी रहे।
जोस बटलर इंग्लैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में शामिल हैं। पिछले साल उन्होंने फिल सॉल्ट के साथ ओपनिंग करते हुए ओल्ड ट्रैफर्ड में रिकॉर्ड साझेदारी की थी। हालांकि, हालिया प्रदर्शन उनके स्तर के मुताबिक नहीं रहा है। पिछले 16 टी20 इंटरनेशनल पारियों में वह सिर्फ एक बार 30 रन का आंकड़ा पार कर सके हैं। पिछले मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। ऐसे में इस मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।
भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें रहेंगी। डेब्यू मैच में उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर के खिलाफ छक्का लगाकर अपनी निडर बल्लेबाजी की झलक दिखाई। हालांकि, वह बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि वह IPL में दिखाई गई अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन अब भारतीय टीम के लिए भी करेंगे।
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर और जोश टोंग।
पिछले मैच में बल्लेबाजी के दौरान श्रेयस अय्यर के हाथ में चोट लगी थी। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते समय बल्लेबाजी की थी। रवि बिश्नोई की जगह इस मुकाबले में प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है। इसके अलावा सूर्यांश शेडगे और वॉशिंगटन सुंदर भी विकल्प के तौर पर मौजूद हैं।
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव/सूर्यांश शेडगे/वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती।
नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां बाउंड्री अपेक्षाकृत छोटी होने के कारण बड़े शॉट आसानी से लगाए जा सकते हैं। हालांकि, हाल के वर्षों में तेज और स्पिन गेंदबाजों को भी कुछ मदद मिलती रही है। इस सीजन 'टी20 ब्लास्ट' में यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 165 रन रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दिन नॉटिंघम में धूप रहने की संभावना है। तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे पूरे मुकाबले के दौरान मौसम क्रिकेट के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद है।